आगरा की दीप्ति शर्मा का भव्य स्वागत आज, 10 KM लंबे रोड शो के लिए शहर तैयार, सुरक्षा चाक-चौबंद

Sandesh Wahak Digital Desk: आईसीसी विश्व कप विजेता भारतीय महिला क्रिकेट टीम की सदस्य और आगरा की गौरव दीप्ति शर्मा के आगमन को लेकर गुरुवार को पूरा शहर जश्न के माहौल में डूबा है। डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन (डीसीए) ने विश्व कप विजेता दीप्ति के स्वागत में 10 किलोमीटर लंबा भव्य रोड शो और सम्मान समारोह आयोजित करने की पूरी तैयारी कर ली है।

डीसीए अध्यक्ष और यूपीसीए एपेक्स काउंसिल के सदस्य सुनील जोशन ने बताया कि यह सम्मान सिर्फ दीप्ति का नहीं, बल्कि पूरे आगरा का गौरव है।

रोड शो का रूट और उत्साह

रोड शो की शुरुआत दोपहर 12 बजे आवास विकास स्थित होटल भावना क्लार्क्स इन से होगी। बुधवार रात ट्रैफिक पुलिस और डीसीए टीम ने रोड शो रूट पर रिहर्सल किया और यातायात के लिए वैकल्पिक रूट भी तैयार किए गए हैं।

पूरे मार्ग में जगह-जगह स्वागत मंच, स्कूल-कॉलेज के छात्र और खेल प्रेमी मौजूद रहेंगे। देशभक्ति गीतों और बैंड बाजे की धुनों से माहौल देशभक्ति और उत्सव में डूबा रहेगा। रोड शो का समापन स्टार नेक्स्ट अकादमी पर होगा, जहाँ राष्ट्रीय गान के साथ समारोह समाप्त किया जाएगा। दीप्ति शर्मा की अवधपुरी कॉलोनी में भी उत्सव का माहौल है। घरों को रंगीन लाइटों से सजाया गया है और महिलाएं पारंपरिक तरीके से आरती और तिलक लगाकर उनका स्वागत करेंगी।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

दीप्ति शर्मा की सुरक्षा को देखते हुए कड़े इंतजाम किए गए हैं। लगभग 150 पुलिसकर्मी, 20 चीता मोटरसाइकिलें और पुलिस जिप्सी पूरे मार्ग पर तैनात रहेंगीं। ट्रैफिक पुलिस, पीएसी और इंटेलिजेंस यूनिट भी सक्रिय रहेंगी।

पुलिस विभाग भी करेगा अपनी DSP का सम्मान

क्रिकेटर के साथ-साथ डीएसपी (DSP) के पद पर तैनात दीप्ति शर्मा के लिए पुलिस विभाग भी गुरुवार शाम को एक सम्मान समारोह आयोजित करेगा। पुलिस लाइंस में होने वाले इस कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त दीपक कुमार मुख्य अतिथि होंगे। डीसीपी सिटी अली अब्बास ने कहा कि, दीप्ति न सिर्फ भारतीय क्रिकेट की शेरनी हैं, बल्कि आगरा पुलिस की शान भी हैं। विभाग को गर्व है कि उनकी एक अधिकारी ने देश का सिर ऊंचा किया है।

आगरा प्रवास के बाद दीप्ति शर्मा लखनऊ के लिए रवाना होंगी, जहां डीजीपी राजीव कृष्ण उनसे मुलाकात कर उन्हें सम्मानित करेंगे।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.