PM मोदी के मुरीद हुए अहमद पटेल के बेटे फैसल, बोले- देश सुरक्षित हाथों में है

Sandesh Wahak Digital Desk: कांग्रेस के कद्दावर नेता रहे दिवंगत अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरकार की जमकर तारीफ की है। उन्होंने कहा है कि देश सुरक्षित हाथों में है। हालांकि, फैसल ने यह भी साफ किया कि वह कांग्रेस से नाराज नहीं हैं, बस उन्होंने सार्वजनिक जीवन से कुछ समय के लिए ब्रेक लिया है।

यह बयान तब आया है जब कुछ महीने पहले फैसल ने घोषणा की थी कि उन्होंने कांग्रेस के लिए काम करना बंद करने का फैसला किया है, क्योंकि उन्हें अपने पिता के नक्शेकदम पर चलने का मौका नहीं मिला।

ऑपरेशन सिंदूर पर मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा

फैसल पटेल ने पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने वाले ऑपरेशन सिंदूर को संभालने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की तारीफ की। उन्होंने कहा, यह उससे बेहतर नहीं हो सकता था जो इसे चला रहा है (केंद्र सरकार)। सशस्त्र बलों ने बहुत अच्छा काम किया है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शानदार नेतृत्व दिखाया और हमें एक बड़े संकट से बाहर निकाला।

फैसल ने विदेश मंत्री एस. जयशंकर की भी तारीफ करते हुए कहा कि मोदी जिस तरह से नौकरशाहों को चुनकर उन्हें नेता बनाते हैं, वह बहुत अच्छी बात है।

कांग्रेस की आंतरिक समस्याओं पर जताई चिंता

फैसल पटेल ने कहा कि वह अभी भी कांग्रेस में हैं, लेकिन पार्टी आंतरिक रूप से समस्याओं का सामना कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी चलाने वाले शीर्ष नेताओं को सही सलाह नहीं मिल रही है। फैसल के अनुसार, कांग्रेस में राहुल गांधी, शशि थरूर, डीके शिवकुमार, रेवंत रेड्डी, दीपेंद्र हुड्डा और सचिन पायलट जैसे कई योग्य और बुद्धिमान नेता हैं, लेकिन वरिष्ठ नेताओं की सलाह पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।

Also Read: UP News: STF का बड़ा ऑपरेशन, लखनऊ में पकड़ा गया मिलावटी तेल माफिया, भारी मात्रा में केमिकल बरामद

Get real time updates directly on you device, subscribe now.