अहमदाबाद-लंदन एअर इंडिया की उड़ान रद्द, यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें, जानिए क्या है वजह?
Sandesh Wahak Digital Desk: अहमदाबाद में हाल ही में हुए भयावह विमान हादसे के बाद हवाई सुरक्षा को लेकर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। इसी सतर्कता के तहत, एअर इंडिया की अहमदाबाद से लंदन जाने वाली उड़ान (AI-159) को अंतिम समय पर रद्द कर दिया गया, क्योंकि विमान में तकनीकी खराबी पाई गई थी।
इस अचानक रद्दीकरण से यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ा। उड़ान में शामिल अधिकतर यात्री गुजरात के राजकोट, आणंद, हलोल और खंभात जैसे क्षेत्रों से आए थे, जो लंदन जाने के लिए लंबे समय से योजना बना रहे थे।
एअर इंडिया की यह फ्लाइट, अहमदाबाद में हुए हालिया विमान हादसे के बाद लंदन के लिए पहली निर्धारित उड़ान थी। उड़ान से पहले किए गए अनिवार्य निरीक्षण में तकनीकी खामी सामने आते ही अधिकारियों ने उड़ान को रद्द करने का निर्णय लिया।
यात्रियों को सूचित किया गया कि पहले जिस फ्लाइट का नंबर AI-171 था, उसे अब AI-159 कर दिया गया है। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि अगली उड़ान कब रवाना होगी। यह कल संभव हो पाएगी या नहीं, इस पर भी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
सुरक्षा के लिहाज से लिया गया फैसला
जानकारी के मुताबिक, विमान को दोपहर 1:10 बजे उड़ान भरनी थी, लेकिन सुबह से ही इसकी तैयारी में देरी हो रही थी। अंततः तकनीकी जांच के बाद, सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए इसे उड़ान के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया।
गौरतलब है कि पिछले गुरुवार को अहमदाबाद के मेघानीनगर क्षेत्र में हुआ विमान हादसा अब भी लोगों की स्मृति में ताज़ा है। उसके बाद से ही हवाई सेवाओं में निरंतर सतर्कता और जांच बढ़ा दी गई है। विमानन सुरक्षा में कोई समझौता न हो, यह ज़रूरी है। हालांकि उड़ान रद्द होने से यात्रियों को असुविधा जरूर हुई, लेकिन इस कदम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि एअर इंडिया और विमानन विभाग यात्रियों की जान की सलामती को प्राथमिकता दे रहे हैं।
Also Read: इंडिगो की फ्लाइट में बम की धमकी से मचा हड़कंप, नागपुर में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग

