AI समिट में अर्धनग्न प्रदर्शन पर मायावती का फूटा गुस्सा, बोलीं- देश की इमेज न बिगाड़ें

Lucknow News: राजधानी के भारत मंडपम में चल रहे वैश्विक एआई समिट के दौरान हुए हंगामे ने तूल पकड़ लिया है। अंतरराष्ट्रीय दिग्गजों की मौजूदगी में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए शर्टलेस प्रदर्शन को बसपा सुप्रीमो मायावती ने देश की गरिमा के खिलाफ बताया है।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए इस कृत्य की निंदा की। उन्होंने कहा कि जब कोई कार्यक्रम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश की सुर्खियां बढ़ा रहा हो, तो वहां ऐसा व्यवहार अशोभनीय है। मायावती ने ट्वीट किया, सम्मेलन के दौरान ऐसा आचरण करना चिंता की बात है। उचित होगा कि अपने देश की गरिमा और इमेज को न बिगाड़ा जाए। उन्होंने साफ तौर पर इस प्रदर्शन में शामिल युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के रवैये को ‘अति-अशोभनीय’ करार दिया।

वहीं दूसरी तरफ, भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) ने अपने प्रदर्शन का बचाव किया है। उनका आरोप है कि प्रधानमंत्री ने इस समिट के जरिए देश की पहचान का सौदा किया है, जिसके विरोध में उन्होंने शर्टलेस प्रदर्शन का रास्ता चुना। इस हंगामे के बाद दिल्ली पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए चार कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इन प्रदर्शनकारियों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है और कोर्ट ने उन्हें 5 दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।

Also Read: Kanpur News: तालाब में वैन गिरने से मासूम समेत एक ही परिवार के 4 सदस्यों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.