वॉर 2 में दिखा AI का कमाल, ऋतिक रोशन की डबिंग में भी हुआ इस्तेमाल

Sandesh Wahak Digital Desk: ऋतिक रोशन और जूनियर एनटीआर की मच-अवेटेड फिल्म वॉर 2 का ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही धमाल मचा रहा है। इस फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है, खासकर दोनों सुपरस्टार्स के बीच होने वाले टकराव को देखने के लिए। अब इस फिल्म से जुड़ी एक दिलचस्प खबर सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि ‘वॉर 2’ में सिर्फ विजुअल इफेक्ट्स ही नहीं, बल्कि आवाज में भी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का भरपूर इस्तेमाल किया गया है।

बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट के मुताबिक, YRF इस फिल्म को टेक्नोलॉजी के मामले में एक कदम आगे ले जाना चाहता था। इसीलिए फिल्म में AI तकनीक का इस्तेमाल खास तौर पर लिप सिंक के दौरान किया गया है।

ऋतिक की तेलुगू डबिंग में AI का सहारा

रिपोर्ट्स की मानें तो, जूनियर एनटीआर ने हिंदी और तेलुगू, दोनों भाषाओं में अपनी डबिंग खुद की है, लेकिन फिल्म के तेलुगू वर्जन में ऋतिक रोशन की आवाज के लिए AI की मदद ली गई है। ऐसा इसलिए किया गया ताकि ऋतिक की असली आवाज की टोन और बेस को हूबहू मैच किया जा सके, जिससे तेलुगू दर्शकों को भी लगे कि ऋतिक खुद अपनी आवाज में बोल रहे हैं।

जूनियर एनटीआर ने लिखे डायलॉग्स

‘वॉर 2’ में जूनियर एनटीआर ने सिर्फ अभिनय ही नहीं किया, बल्कि फिल्म के तेलुगू डायलॉग्स भी उन्होंने खुद लिखे हैं। उन्होंने कई जगह अपनी टीम के साथ मिलकर डायलॉग्स को बेहतर बनाया है। दोनों ही कलाकार फिल्म को लेकर काफी गंभीर हैं और इसे हर तरह से परफेक्ट बनाने की कोशिश कर रहे हैं।

यह फिल्म 14 अगस्त, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह से तैयार है। अब देखना यह है कि साल 2019 में रिलीज हुई ‘वॉर’ (जिसने वर्ल्डवाइड 471 करोड़ रुपए कमाए थे) की तरह क्या ‘वॉर 2’ भी बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना पाएगी?

Also Read: डबल इंजन सरकार में देश चौतरफा विकास कर रहा है: प्रदीप सिंह बब्बू

Get real time updates directly on you device, subscribe now.