लखनऊ में सजेगा स्वास्थ्य एवं सौंदर्य का संगम, AICBA का होगा 24वां वार्षिक सम्मेलन
Lucknow News: राजधानी के गोमती नगर स्थित एक होटल हयात में आगामी 11 जनवरी को सौंदर्य और स्वास्थ्य विशेषज्ञों का बड़ा जमघट लगने जा रहा है। ऑल इंडिया कॉस्मेटोलॉजिस्ट्स एंड ब्यूटीशियंस एसोसिएशन (AICBA) द्वारा आयोजित इस 24वें सम्मेलन का मुख्य विषय स्वास्थ्य एवं सौंदर्य रखा गया है। कार्यक्रम की अध्यक्ष और संस्थापक डॉ. रमा श्रीवास्तव ने बताया कि इस भव्य आयोजन में देश-विदेश से करीब 200 डेलीगेट्स हिस्सा लेंगे।
सम्मेलन का उद्घाटन उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य करेंगे। इस अवसर पर वे विशेष स्मारिका (Souvenir) का विमोचन भी करेंगे। कार्यक्रम में जीआईएस अपोलो हॉस्पिटल के निदेशक प्रो. डॉ. राजन सक्सेना विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। सम्मेलन के शैक्षणिक सत्रों में विज्ञान और कला का अनूठा मेल देखने को मिलेगा।
पैनल चर्चा: डॉ. दीप्ति जैन हेयर केयर पर जानकारी देंगी, जबकि प्लास्टिक सर्जन डॉ. ऋचा जेनिटल रिकंस्ट्रक्शन की बारीकियों को साझा करेंगी।
बढ़ता मोटापा और डाइट: डॉ. मनोज के. श्रीवास्तव मोटापे की वैश्विक समस्या पर बात करेंगे, वहीं विशेषज्ञ सुंदीप आहूजा बताएंगे कि बालों की सेहत के लिए कैसी डाइट जरूरी है।
बॉलीवुड स्टाइल: मशहूर ब्यूटीशियन साधना जग्गी बॉलीवुड के लेटेस्ट हेयर कट्स और स्टाइलिंग का लाइव डेमो देंगी।

ग्लैमर और प्रतियोगिता का तड़का
सीखने-सिखाने के साथ-साथ मनोरंजन का भी पूरा ख्याल रखा गया है। सम्मेलन के दौरान एक भव्य ब्राइडल मेकअप प्रतियोगिता होगी। इसके अलावा, हर साल की तरह इस बार भी ‘AICBA-26 किंग एवं क्वीन’ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी, जिसमें विजेताओं को ताज पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।

