दिल्ली में रमजान पर शराब बंदी की मांग, AIMIM नेता बोले- सावन जैसा सम्मान हमारे महीने को भी मिले
Sandesh Wahak Digital Desk: देशभर में रमजान के पाक महीने की रौनक शुरू हो गई है। इसी बीच, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिममीन (AIMIM) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष शोएब जमई ने दिल्ली सरकार के सामने एक बड़ी मांग रखी है। उन्होंने रमजान के दौरान पूरी दिल्ली में शराब की दुकानें बंद करने और सार्वजनिक स्थानों पर शराब के सेवन पर पाबंदी लगाने की वकालत की है।
शोएब जमई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर अपनी बात रखते हुए लिखा कि जिस तरह सावन के महीने में नॉन-वेज की दुकानें बंद कराकर धार्मिक भावनाओं का सम्मान किया जाता है, ठीक उसी तरह रमजान के पवित्र महीने में भी सरकार को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। उन्होंने अपील की कि इस पूरे महीने शराब की बिक्री पर रोक लगाई जाए ताकि महीने की पवित्रता बनी रहे।
खुशियों और इबादत का महीना
दिल्ली की ऐतिहासिक जामा मस्जिद के शाही इमाम, सैयद शाबान बुखारी ने बुधवार को ही रमजान का चांद दिखने और महीने की शुरुआत का ऐलान किया था। इस महीने में मुस्लिम समुदाय के लोग सुबह सहरी से लेकर शाम इफ्तार तक रोजा रखते हैं। यह महीना दया (रहमत), माफी (मगफिरत) और मोक्ष (नजात) का प्रतीक माना जाता है, जिसमें लोग बढ़-चढ़कर चैरिटी और गरीबों की मदद करते हैं।

