सिद्धार्थनगर में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के ‘विवादित’ बोल पर बवाल, हिंदू संगठनों का जोरदार प्रदर्शन

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश का एक गंभीर मामला सामने आया है। एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष शौकत अली चौधरी द्वारा एक जनसभा के दौरान दी गई कथित आपत्तिजनक स्पीच को लेकर पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। शुक्रवार को भारी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और आरोपी नेता के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए तहसील व थानों का घेराव किया।

सिद्धार्थनगर में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के 'विवादित' बोल पर बवाल, हिंदू संगठनों का जोरदार प्रदर्शन

क्या है पूरा विवाद?

जानकारी के अनुसार, गुरुवार को डुमरियागंज क्षेत्र के जबजौवा, भुईगांवा और चकमझारी गांवों में एआईएमआईएम की जनसभाएं आयोजित की गई थीं। आरोप है कि इन सभाओं के दौरान शौकत अली ने हिंदू समाज के प्रति बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। साथ ही, डुमरियागंज के पूर्व विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह के खिलाफ अपशब्द कहे और उन्हें कथित तौर पर जान से मारने की धमकी दी। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया।

तहसील परिसर में नारेबाजी और प्रदर्शन

शुक्रवार को ब्लॉक प्रमुख संघ के जिलाध्यक्ष लवकुश ओझा और कर्मयोगी परिवार के चेयरमैन धर्मराज वर्मा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग डुमरियागंज तहसील पहुंचे। यहाँ प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की और उपजिलाधिकारी (SDM) राजेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि ऐसे भड़काऊ बयानों से क्षेत्र का आपसी भाईचारा खतरे में पड़ सकता है, इसलिए दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा न जाए।

सिद्धार्थनगर में AIMIM प्रदेश अध्यक्ष के 'विवादित' बोल पर बवाल, हिंदू संगठनों का जोरदार प्रदर्शन

पुलिस की कार्रवाई: दो पर मुकदमा दर्ज

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। भवानीगंज पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए दो नामजद व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्राधिकारी (CO) बृजेश कुमार वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं, डुमरियागंज के प्रभारी निरीक्षक श्रीप्रकाश यादव ने कहा कि वायरल वीडियो और प्राप्त साक्ष्यों की गहनता से जांच की जा रही है।

एसडीएम राजेश कुमार ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया है कि कानून अपना काम कर रहा है और शांति व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। इस दौरान भारी संख्या में स्थानीय प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।

रिपोर्ट : जाकिर खान

 

Also Read: सिद्धार्थनगर: हेल्थ सिटी हॉस्पिटल के मेडिकल स्टोर पर छापेमारी, मेडिकल स्टोर सील

Get real time updates directly on you device, subscribe now.