Siddharthnagar: जिला पंचायत चुनाव में पूरी ताक़त से उतरेगी AIMIM, सदस्यता अभियान के दौरान निशात अली का एलान
Sandesh Wahak Digital Desk: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) जिला पंचायत चुनाव में पूरी ताक़त और रणनीति के साथ उतरने जा रही है। यह बात पार्टी के सिद्धार्थनगर ज़िला अध्यक्ष निशात अली ने रविवार को कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के ग्राम भिटपरा के पास स्थित सोहास गांव में आयोजित एक नुक्कड़ सभा और सदस्यता अभियान के दौरान कही।
कार्यक्रम के तहत दर्जनों लोगों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की और AIMIM के विचारों से प्रभावित होकर पार्टी से जुड़ने का संकल्प लिया। निशात अली ने कहा, हमारा लक्ष्य सिर्फ़ चुनाव लड़ना नहीं है, बल्कि ओवैसी साहब के विचारों को जन-जन तक पहुँचाना है। समाज में जो नफरत और भेदभाव फैला है, उसे मिटाकर एक बेहतर और न्यायपूर्ण समाज बनाना AIMIM का असली मिशन है।

उन्होंने आगे कहा कि पार्टी आने वाले जिला पंचायत चुनाव में मजबूती से चुनाव मैदान में उतरेगी और समाज के हाशिए पर खड़े लोगों की आवाज़ को बुलंद करेगी। सभा को पार्टी के जिला महासचिव मेराज चौधरी और शादाब खान ने भी संबोधित किया। दोनों नेताओं ने AIMIM की नीति, विचारधारा और उसके सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस मौके पर अजीजुर्रहमान, फैज़ान खान, अनवर अली, शाहबान चौधरी, रमज़ान अली, शहीद अली, निज़ामुद्दीन, शमीम, जब्बार चौधरी, अली हसन और मोहम्मद जैद सहित कई स्थानीय कार्यकर्ता और नागरिक मौजूद रहे।
रिपोर्ट- जाकिर खान
Also Read: बलिया में शिक्षा विभाग के अधिकारियों पर धोखाधड़ी का केस, सेवा पुस्तिका गायब होने का मामला—हड़कंप मचा

