वाराणसी-दिल्ली फ्लाइट की लखनऊ में इमरजेंसी लैंडिंग, कार्गो में बजा स्मोक अलार्म
Varanasi Delhi Flight: वाराणसी से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-1253 की गुरुवार सुबह लखनऊ एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान के दौरान विमान के कार्गो में स्मोक डिटेक्शन अलार्म बजने के बाद पायलट ने लखनऊ एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया। अनुमति मिलने के बाद विमान को लखनऊ डायवर्ट किया गया।
8:52 बजे लखनऊ में सुरक्षित लैंडिंग
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, विमान ने सुबह करीब 8 बजे वाराणसी से दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। कुछ देर बाद कार्गो में धुएं का अलार्म सक्रिय होने की जानकारी मिली। स्थिति को देखते हुए पायलट ने एहतियात के तौर पर विमान का रुख लखनऊ की ओर किया। करीब 8:52 बजे विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई।
विमान के उतरते ही एयरपोर्ट की रिस्पॉन्स टीम सक्रिय हो गई। फायर ब्रिगेड और तकनीकी विशेषज्ञों को मौके पर बुलाया गया। यात्रियों और क्रू को सुरक्षित विमान से बाहर निकाला गया। बताया जा रहा है कि करीब 155 यात्री और क्रू सदस्य विमान से उतरे।
आग या धुएं का स्पष्ट संकेत नहीं मिला
शुरुआती जांच में विमान के अंदर आग या धुएं का कोई स्पष्ट संकेत नहीं मिला है। विमान को जांच के बाद एयरपोर्ट के टैक्सी-वे पर पार्क कर दिया गया। अब तकनीकी टीम यह पता लगाने में जुटी है कि कार्गो का स्मोक अलार्म किस वजह से सक्रिय हुआ।
24 अगस्त को भी लखनऊ डायवर्ट हुई थी फ्लाइट
इससे पहले 24 अगस्त को खराब मौसम के कारण अकासा एयर की मुंबई-दिल्ली फ्लाइट QP-1834 को लखनऊ डायवर्ट किया गया था। दिल्ली में कम दृश्यता के कारण विमान लैंड नहीं कर सका और कई चक्कर लगाने के बाद उसे लखनऊ भेजा गया। यह Boeing 737 MAX-8 (VT-YAE) था। मौसम सुधरने के बाद विमान के दोबारा दिल्ली रवाना होने की जानकारी सामने आई थी।
Also Read: भतीजे आकाश आनंद को बड़ी जिम्मेदारी देने से मायावती ने किया इनकार, बोलीं- अभी परिपक्वता की जरूरत

