मुंबई एयरपोर्ट पर एयर इंडिया का प्लेन रनवे पर फिसला, तीनों टायर फटे
Sandesh Wahak Digital Desk: मुंबई एयरपोर्ट पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। केरल के कोच्चि से मुंबई आ रहा एअर इंडिया का एक विमान लैंडिंग के दौरान रनवे पर फिसल गया। भारी बारिश के कारण हुए इस हादसे में विमान के तीनों टायर फट गए, लेकिन गनीमत रही कि विमान में सवार सभी यात्री और क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।
कैसे हुआ हादसा
यह घटना उस समय हुई जब मुंबई में मूसलाधार बारिश हो रही थी, जिससे विमान की लैंडिंग बेहद चुनौतीपूर्ण हो गई थी। इसी वजह से एअर इंडिया की फ्लाइट AI2744 रनवे पर फिसल गई।
एयरलाइन कंपनी ने बताया कि दुर्घटना के बाद विमान को सुरक्षित रूप से टैक्सी करके गेट तक पहुँचाया गया, और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सकुशल विमान से बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के भी घायल होने की कोई खबर नहीं है, जो एक बड़ी राहत की बात है। इस घटना के संबंध में एअर इंडिया ने एक आधिकारिक बयान जारी किया है। बयान में बताया गया है कि विमान को जांच के लिए अस्थायी रूप से ग्राउंड कर दिया गया है और सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पूरी तरह से पालन किया जा रहा है।
Also Read: संसद के पहले दिन हंगामा, राहुल गांधी बोले- मुझे बोलने नहीं दिया जा रहा

