Air India की बड़ी चूक, 8 घंटे तक हवा में घूमते रहे यात्री, फिर लेना पड़ा यू-टर्न
Sandesh Wahak Digital Desk: Air India में तकनीकी खामियों की खबरें पहले ही सामने आ रही थीं, लेकिन अब एक और गंभीर गलती उजागर हुई है। एअरलाइन ने गलती से ऐसा विमान कनाडा के लिए भेज दिया, जिसके पास वहां एंट्री के लिए जरूरी मंजूरी ही नहीं थी। इस वजह से यात्रियों से भरी फ्लाइट को करीब आठ घंटे हवा में रहने के बाद वापस दिल्ली लौटना पड़ा। वैंकूवर जाने वाले यात्रियों के लिए यह सफर पूरी तरह बेनतीजा साबित हुआ।
उड़ान के बीच में सामने आई बड़ी चूक
फ्लाइट AI185 20 मार्च को सुबह 11:34 बजे दिल्ली से रवाना हुई थी और शुरुआत में यह पूरब दिशा की ओर आगे बढ़ रही थी। यात्रा के करीब चार घंटे बाद जब विमान कुनमिंग के पास चीनी हवाई क्षेत्र में पहुंचा, तभी एअरलाइन को यह अहसास हुआ कि इस विमान को कनाडा में उड़ान भरने की अनुमति नहीं है। इस जानकारी के सामने आते ही फ्लाइट को वापस लौटाने का फैसला लिया गया।
आठ घंटे हवा में रहने के बाद लौटा विमान
वापसी के दौरान विमान कुल 7 घंटे 54 मिनट तक हवा में रहा और आखिरकार वहीं उतर गया, जहां से उसने उड़ान भरी थी। बताया गया कि यह विमान Boeing 777-200LR था, जबकि एअर इंडिया के पास कनाडा के लिए फिलहाल केवल Boeing 777-300ER को संचालित करने की मंजूरी है। अलग-अलग देशों द्वारा विमानन मंजूरियां अलग होती हैं, जिसके चलते इस तरह की स्थिति उत्पन्न हुई।
एयरलाइन ने बताई ऑपरेशनल समस्या
एअर इंडिया ने अपने बयान में इस पूरी घटना को ‘ऑपरेशनल समस्या’ बताया और कहा कि यह फैसला स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर के तहत लिया गया। एयरलाइन के अनुसार विमान सुरक्षित रूप से वापस उतर गया और सभी यात्री तथा क्रू बिना किसी घटना के विमान से बाहर आ गए। साथ ही यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद भी जताया गया।
यात्रियों के लिए किया गया इंतजाम
एयरलाइन ने बताया कि दिल्ली में ग्राउंड टीमों ने यात्रियों के लिए हर संभव सहायता उपलब्ध कराई। इसमें होटल में ठहरने की व्यवस्था भी शामिल रही, ताकि यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो। साथ ही यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई कि सभी यात्री जल्द से जल्द अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। बाद में यह उड़ान सभी यात्रियों को लेकर फिर से रवाना कर दी गई।
भारी आर्थिक नुकसान की आशंका
इस पूरी घटना से एयरलाइन को बड़ा आर्थिक नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है। एक बोइंग 777 विमान आमतौर पर उड़ान की परिस्थितियों के अनुसार प्रति घंटे करीब आठ से नौ टन ईंधन खर्च करता है। ऐसे में लगभग आठ घंटे तक हवा में रहने के बाद बिना गंतव्य पहुंचे लौटना एयरलाइन के लिए महंगा सौदा साबित हो सकता है।
Also Read: Mathura News: किसी भी हाल में बख्शे नहीं जाएंगे आरोपी, फरसा बाबा की हत्या पर CM योगी सख्त

