ईरान-इजराइल युद्ध के बीच Air India का बड़ा फैसला, अब 9 रूट्स पर 78 अतिरिक्त फ्लाइट्स

Sandesh Wahak Digital Desk: ईरान-इजराइल युद्ध की वजह से वेस्ट एशिया में बने तनावपूर्ण हालात के बीच एअर इंडिया (Air India) ने 10 मार्च से नौ रूट्स पर 78 अतिरिक्त फ्लाइट्स चलाने का ऐलान किया है। एअर इंडिया की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि वेस्ट एशिया में जारी परिस्थितियों के कारण भरोसेमंद यात्रा विकल्पों की मांग लगातार बढ़ रही है। इसी बढ़ती मांग को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। एअर इंडिया ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यूरोप के पांच प्रमुख गेटवे के साथ-साथ न्यूयॉर्क के लिए भी अतिरिक्त क्षमता जोड़ी जाएगी, जिसे मालदीव और श्रीलंका के लिए अतिरिक्त सेवाओं से समर्थन मिलेगा।

10 से 18 मार्च के बीच बढ़ेगी उड़ानों की संख्या

एअर इंडिया (Air India) के अनुसार 10 से 18 मार्च 2026 के बीच इन रूट्स पर कुल 78 अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी। इसका उद्देश्य यात्रियों के लिए यात्रा विकल्प कम होने की स्थिति में जरूरी क्षमता को बढ़ाना है। इन अतिरिक्त उड़ानों के माध्यम से दोनों दिशाओं में नौ अलग-अलग रूट्स पर कुल 17,660 सीटें बढ़ाई जाएंगी, जिससे यात्रियों को अधिक सुविधा मिल सकेगी।

यहां एअर इंडिया (Air India) ने बताया कि यूरोप के लिए चलने वाली अतिरिक्त उड़ानें B787-8 विमान के साथ संचालित की जाएंगी। वहीं माले और कोलंबो के लिए उड़ानें A320neo विमान के साथ चलाई जाएंगी। इसके अलावा न्यूयॉर्क के लिए उड़ानें जरूरी नियामकीय मंजूरी के अधीन होंगी और इनका संचालन एअर इंडिया के B777-300ER विमान से किया जाएगा।

इन मार्गों पर चलाई जाएंगी अतिरिक्त उड़ानें

दरअसल एअर इंडिया (Air India) द्वारा जिन मार्गों पर अतिरिक्त उड़ानें चलाई जाएंगी उनमें दिल्ली से न्यूयॉर्क, दिल्ली से लंदन हीथ्रो, मुंबई से लंदन हीथ्रो, दिल्ली से फ्रैंकफर्ट, दिल्ली से पेरिस, दिल्ली से एम्स्टर्डम, दिल्ली से ज्यूरिख, दिल्ली से माले और दिल्ली से कोलंबो शामिल हैं। इन मार्गों पर अतिरिक्त सेवाएं शुरू होने से अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को यात्रा के अधिक विकल्प मिलेंगे।

वेस्ट एशिया में कई देशों का एयरस्पेस बंद

इससे पहले 6 मार्च को एअर इंडिया (Air India) एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब और ओमान के ऊपर एयरस्पेस दोबारा खुलने के बाद जेद्दा और मस्कट के लिए उड़ान सेवाएं फिर से शुरू करने की घोषणा की थी। हालांकि एअर इंडिया ने कहा है कि वेस्ट एशिया के कई अन्य देशों में एयरस्पेस बंद होने की वजह से एअर इंडिया ग्रुप की वेस्ट एशिया के अन्य स्थानों से आने-जाने वाली निर्धारित उड़ान सेवाएं 10 मार्च 2026 तक अस्थायी रूप से रोक दी गई हैं।

यात्रियों को भरोसेमंद विकल्प देने की कोशिश

यहां एअर इंडिया (Air India) के चीफ कमर्शियल ऑफिसर निपुण अग्रवाल ने कहा कि मौजूदा चुनौतियों के बावजूद एअर इंडिया यूरोप और नॉर्थ अमेरिका के लिए अपनी निर्धारित सेवाएं जारी रखे हुए है। उन्होंने बताया कि एयरलाइन सुरक्षित माने जाने वाले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करते हुए कई अंतरराष्ट्रीय गेटवे से कनेक्टिविटी बनाए रखे हुए है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन क्षेत्रों में यात्रा करने वाले यात्रियों को एअर इंडिया के साथ मिलने वाले अतिरिक्त विकल्प और भरोसेमंद सेवाएं पसंद आएंगी।

 

Also Read: Bareilly News: ‘नारी शक्ति से ही बनेगा स्वर्णिम भारत’, ब्रह्माकुमारीज़ चौपला में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की धूम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.