श्री सत्य साईं बाबा के जन्म शताब्दी समारोह में ऐश्वर्या राय ने पांच डी के महत्व को बताया
Sandesh Wahak Digital Desk: आंध्र प्रदेश के पुट्टपर्थी में स्थित श्री सत्य साईं बाबा के मंदिर में बुधवार को उनका जन्म शताब्दी समारोह एक श्रद्धा और भक्ति के उत्सव के रूप में आयोजित किया गया। इस विशेष अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और प्रसिद्ध अभिनेत्री ऐश्वर्या राय बच्चन सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एक्ट्रेस ऐश्वर्या राय बच्चन ने मंच से प्रधानमंत्री मोदी की उपस्थिति के लिए आभार व्यक्त किया और उन्हें श्री सत्य साईं बाबा के विचारों का अनुकरण करने वाला बताया। ऐश्वर्या राय बच्चन, जो खुद श्री सत्य साईं बाबा की अनुयायी हैं, ने अपने संबोधन में कहा, श्री सत्य साईं बाबा की पवित्र जन्म शताब्दी के मौके पर मेरा दिल श्रद्धा और भक्ति से भर गया है। उनके विचारों, अनुशासन, समर्पण और भक्ति से आज भी विश्व भर में लाखों दिलों को बदलने का काम हो रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान करते हुए कहा, मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आज यहां हमारे साथ उपस्थित होने और इस विशेष अवसर का सम्मान करने के लिए हार्दिक आभार व्यक्त करती हूं। पीएम मोदी की उपस्थिति इस शताब्दी समारोह में पवित्रता और प्रेरणा जोड़ती है और हमें सत्य साईं के इस संदेश की याद दिलाती है कि सच्चा नेतृत्व सेवा है और मानव सेवा ही ईश्वर सेवा है।
बाबा के पांच डी का महत्व
ऐश्वर्या राय बच्चन ने श्री सत्य साईं बाबा द्वारा बताए गए पाँच आवश्यक गुणों ‘पांच डी’ के बारे में बात की, जो एक सार्थक, उद्देश्यपूर्ण और आध्यात्मिक रूप से स्थिर जीवन के लिए जरूरी हैं। इन पाँच गुणों में अनुशासन (Discipline), समर्पण (Dedication), भक्ति (Devotion), दृढ़ संकल्प (Determination) और विवेक (Discernment) शामिल हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ऐश्वर्या राय बच्चन और उनका पूरा परिवार श्री सत्य साईं बाबा का भक्त है। ऐश्वर्या का जन्म होने पर भी उनके माता-पिता आशीर्वाद लेने पुट्टपर्थी आए थे। वह स्वयं सत्यक साईं बाबा के स्कूल में ‘बाल विकास’ की छात्रा रही हैं और मिस वर्ल्ड का ताज जीतने के बाद भी आशीर्वाद लेने पुट्टपर्थी पहुंची थीं।
Also Read: उमर नबी के वीडियो पर भड़के ओवैसी, बोले- सुसाइड बॉम्बिंग शहादत नहीं, यह पूरी तरह आतंकवाद है

