देवरिया जेल में अमिताभ ठाकुर से मिले अजय राय, बोले- कांग्रेस लड़ेगी हक की लड़ाई

Deoria News: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय गुरुवार को देवरिया जिला जेल पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व आईपीएस अधिकारी और आजाद अधिकार सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर से मुलाकात की। करीब आधे घंटे तक चली इस मुलाकात के बाद अजय राय ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला और अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी को राजनीति से प्रेरित करार दिया।

अमिताभ ठाकुर को फंसा रही है सरकार

जेल से बाहर निकलते ही अजय राय ने मीडियाकर्मियों से कहा कि सरकार पुराने और तकनीकी मामलों को आधार बनाकर एक पूर्व अधिकारी को जानबूझकर प्रताड़ित कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ अमिताभ ठाकुर के साथ खड़ी है और उनके अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

गौरतलब है कि अमिताभ ठाकुर की गिरफ्तारी के पीछे एक पुराना जमीन का मामला बताया जा रहा है। 1999 में जब अमिताभ ठाकुर देवरिया के एसपी थे, तब उन्होंने अपनी पत्नी नूतन के नाम से एक प्लॉट खरीदा था। आरोप है कि कागजों में नूतन ठाकुर की जगह नूतन देवी और अमिताभ की जगह अभिजात नाम दर्ज किया गया।

इसी मामले को आधार बनाकर सितंबर 2025 में लखनऊ में केस दर्ज हुआ और 10 दिसंबर को उन्हें शाहजहांपुर के पास ट्रेन से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। देवरिया जेल में मुलाकात के बाद अमिताभ ठाकुर को कड़ी सुरक्षा के बीच वाराणसी ले जाया गया है। वाराणसी के चौक थाने में उन पर एक फेक वीडियो वायरल करने का आरोप है, जिसे लेकर हिंदू युवा वाहिनी के नेता ने केस दर्ज कराया था। आज उन्हें वाराणसी के केंद्रीय कारागार में रखा जाएगा और शुक्रवार को उन्हें स्पेशल सीजेएम कोर्ट में पेश किया जाएगा। इसके बाद उन्हें वापस देवरिया जेल लाया जा सकता है।

Also Read: भारत और ओमान के बीच दोस्ती और व्यापार का नया अध्याय, FTA से खुलेंगे तरक्की के द्वार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.