Lucknow News: अजय राय ने KGMU मजार पर चढ़ाई चादर, बोले- केजीएमयू से भी पुरानी है यह विरासत

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय मंगलवार को लखनऊ स्थित केजीएमयू (KGMU) परिसर पहुंचे और वहां स्थित मजार पर चादर चढ़ाकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की। इस दौरान उन्होंने मजार को हटाए जाने के सरकार के संभावित कदमों और नोटिस पर तीखी प्रतिक्रिया दी। अजय राय ने साफ कहा कि कांग्रेस अपनी ऐतिहासिक विरासत को बचाने के लिए मजबूती से खड़ी रहेगी।

मीडिया से बातचीत करते हुए अजय राय ने कहा कि यह मजार केजीएमयू की स्थापना से भी बहुत पहले की है। उन्होंने सरकार पर तंज कसते हुए कहा, “यह सरकार विकास तो कर नहीं पा रही, इसलिए हर जगह सिर्फ तोड़फोड़ करने और इतिहास मिटाने में लगी है। लखनऊ की खूबसूरती और यहाँ की इमारतें नवाबों की देन हैं। मुमकिन है कि इस मजार वाले बुजुर्ग की ही कृपा रही हो, जो यहाँ इतना बड़ा मेडिकल कॉलेज बना और जमीन मिली।”

नोटिस देने पर जताई कड़ी नाराजगी

प्रशासन द्वारा मजार के संबंध में दिए गए नोटिस पर अजय राय ने इसे भाजपा की संकुचित सोच का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए धार्मिक स्थलों और ऐतिहासिक पहचान को निशाना बना रही है। राय ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि कांग्रेस इतिहास को मिटने नहीं देगी और जनता के साथ मिलकर इसका विरोध करेगी।

अजय राय ने जोर देकर कहा कि लखनऊ अपनी साझा संस्कृति (गंगा-जमुनी तहजीब) के लिए जाना जाता है और भाजपा सरकार इस संस्कृति पर प्रहार कर रही है। मजार पर चादर चढ़ाकर उन्होंने संदेश दिया कि वे इस मुद्दे पर पीछे नहीं हटेंगे। केजीएमयू परिसर के इस संवेदनशील मामले ने अब पूरी तरह से राजनीतिक मोड़ ले लिया है, जहां एक तरफ प्रशासन इसे व्यवस्था सुधार का हिस्सा बता रहा है, वहीं कांग्रेस इसे आस्था और इतिहास पर हमला करार दे रही है।

Also Read: सहारनपुर: ड्यूटी के दौरान बीएलओ की हार्ट अटैक से मौत, परिवार में मचा कोहराम

Get real time updates directly on you device, subscribe now.