अजय राय का योगी सरकार पर तीखा हमला, ‘रोजगार महाकुंभ’ को बताया ‘झूठ और आडंबर’

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार और नगर निगम पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भाजपा और नगर निगम स्वच्छता के नाम पर सिर्फ ‘बाजीगरी’ कर रहे हैं, जबकि असलियत में लोग गंदगी और भ्रष्टाचार के कारण मर रहे हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर भी ‘आत्ममुग्धता’ का आरोप लगाया।

‘डायरिया से हुई फेरीवाले की मौत, प्रशासन बता रहा डायबिटीज’

अजय राय ने लखनऊ के जानकीपुरम में फेरीवाले राजेश कौशल की मौत का मामला उठाया। उन्होंने दावा किया कि राजेश की मौत गंदे और प्रदूषित पानी के कारण डायरिया से हुई है, जबकि स्वास्थ्य विभाग और जिला प्रशासन इसे ‘डायबिटीज’ बताकर अपनी ज़िम्मेदारी से भाग रहे हैं।

उन्होंने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है कि देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के संसदीय क्षेत्र की राजधानी में लोग गंदगी से अपनी जान गँवा रहे हैं। उन्होंने राजेश कौशल के घर के बाहर नाले की तस्वीरें दिखाते हुए कहा कि पीने के पानी की पाइपलाइन भी उसी गंदे नाले से होकर गुजर रही है, जिससे लोग बीमार हो रहे हैं।

‘रोजगार महाकुंभ’ पर उठाए सवाल, बोले- ‘युवाओं को ठगा जा रहा है’

अजय राय ने योगी सरकार के ‘रोजगार महाकुंभ’ को भी ‘झूठ और आडंबर’ बताया। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार युवाओं को रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम रही है, और इस तरह के आयोजन सिर्फ युवाओं को ठगने के लिए किए जा रहे हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि ‘रोजगार महाकुंभ’ में जमा किए गए युवाओं के बायोडेटा कूड़ेदान में फेंके जा रहे हैं, जबकि मुख्यमंत्री सिर्फ झूठे वादे कर रहे हैं। ‘सेंटर फॉर मॉनिटरिंग ऑफ इंडियन इकोनॉमी’ (CMIE) की रिपोर्ट का हवाला देते हुए अजय राय ने कहा कि 20 से 24 साल के युवाओं में रोजगार की भागीदारी लगातार घट रही है, जिसका मतलब है कि युवा अब नौकरी की उम्मीद भी छोड़ चुके हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है।

Also Read: बाफिला महाघोटाला: हाईकोर्ट के फैसले में दिए गंभीर बिंदु दरकिनार, पुरानी शिकायत पर FIR

Get real time updates directly on you device, subscribe now.