50,000 रुपये का इनामी बदमाश अजीत उर्फ़ सिन्टू गिरफ्तार, UP STF ने की कार्रवाई 

Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार को जनपद मऊ के घोसी थाना क्षेत्र से 50,000 रुपये के इनामी अपराधी अजीत उर्फ़ सिन्टू को गिरफ्तार किया। वह काफी समय से फरार चल रहा था और मऊ रोडवेज बस स्टैंड के पास से तड़के तीन बजे पकड़ा गया।

लंबे समय से थी तलाश 

अजीत उर्फ़ सिन्टू घोसी थाना क्षेत्र में पंजीकृत मुकदमा संख्या 93/2023 में वांछित था। उत्तर प्रदेश में इन दिनों कई इनामी अपराधी सक्रिय थे, जिसके चलते एसटीएफ को इनके खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। इस क्रम में पुलिस उपाधीक्षक संजीव कुमार दीक्षित के पर्यवेक्षण में एसटीएफ की टीम को जानकारी जुटाने का काम सौंपा गया था।

ऐसे हुई गिरफ्तारी 

निरीक्षक ओम शंकर शुक्ला के नेतृत्व में एसटीएफ की टीम, जिसमें उपनिरीक्षक प्रताप नारायण सिंह, मुख्य आरक्षी गिरिजाशंकर यादव, दिलीप कुमार, मुकेश प्रजापति और चालक कुमुदेश शामिल थे, मऊ में सक्रिय थी। इसी दौरान सूचना मिली कि वांछित अपराधी अजीत उर्फ़ सिन्टू रोडवेज बस स्टैंड पर मौजूद है। टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में किए खुलासे 

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में अजीत ने बताया कि वह लुधियाना, पंजाब में रह रहा था। उसका मित्र अवनीश उर्फ़ करिया भी उसी के गांव का रहने वाला था। अवनीश ने अपने ही गांव की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर भगाया था और लुधियाना ले गया था, जहां उसे कुछ दिनों तक रखा गया। बाद में पुलिस ने अवनीश को गिरफ्तार कर लिया, लेकिन अजीत फरार हो गया था। अब गिरफ्तार अपराधी को घोसी थाना पुलिस को सौंप दिया गया है, जहां आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Also Read: यूपी में 10 हजार से 25 हजार रुपये तक के स्टांप अब अवैध, योगी कैबिनेट मीटिंग में लिया गया बड़ा फैसला

Get real time updates directly on you device, subscribe now.