राजकीय सम्मान के साथ हुआ अजित पवार का अंतिम संस्कार, अमित शाह और राज ठाकरे समेत कई दिग्गजों ने दी विदाई

Sandesh Wahak Digital Desk: महाराष्ट्र की राजनीति के कद्दावर नेता अजित पवार अब हमारे बीच नहीं रहे। गुरुवार को बारामती की सड़कों पर जनसैलाब उमड़ पड़ा, जब ‘दादा’ की अंतिम यात्रा उनके आवास काटेवाड़ी से निकली। हर तरफ सन्नाटा और अपनों को खोने का गम साफ दिखाई दे रहा था। उनके अंतिम संस्कार में पक्ष और विपक्ष के तमाम बड़े नेता एक साथ नजर आए।

अजित पवार के पार्थिव शरीर को सुबह उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया था। अंतिम संस्कार के वक्त केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मनसे प्रमुख राज ठाकरे समेत राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। बारामती की गलियां समर्थकों से अटी पड़ी थीं, जिससे कई जगहों पर जाम की स्थिति भी पैदा हो गई।

अजित पवार का निधन बुधवार सुबह करीब 8:45 बजे एक दर्दनाक विमान हादसे में हुआ था। वह जिस ‘लीयरजेट 45’ विमान (VT-SSK) से सफर कर रहे थे, वह लैंडिंग की कोशिश के दौरान क्रैश हो गया। इस हादसे में अजित पवार के साथ उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और एक महिला क्रू मेंबर समेत कुल 5 लोगों की जान चली गई।

जांच के घेरे में हादसा

नागरिक उड्डयन मंत्रालय के अनुसार, विमान को रनवे 11 पर उतरने की अनुमति दी गई थी, लेकिन लैंडिंग के शुरुआती प्रयास को रद्द करने के बाद यह भयावह हादसा हो गया। एयरक्राफ्ट दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) अब इस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रहा है कि आखिर तकनीकी खराबी थी या कोई और मानवीय चूक। पुलिस ने फिलहाल एक्सीडेंटल डेथ रिपोर्ट (ADR) दर्ज की है।

Also Read: UGC के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, केंद्र सरकार से जवाब तलब

Get real time updates directly on you device, subscribe now.