बसपा में आकाश आनंद की वापसी, मायावती ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी, बनाए गए चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर
Sandesh Wahak Digital Desk: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती के भतीजे आकाश आनंद एक बार फिर पार्टी की मुख्यधारा में लौट आए हैं। रविवार को हुई पार्टी की उच्च स्तरीय बैठक में उन्हें चीफ नेशनल कोऑर्डिनेटर की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। इस नई भूमिका में आकाश अब बसपा के आगामी चुनाव प्रचार अभियान की कमान भी संभालेंगे।
सूत्रों के अनुसार, पार्टी संगठन में वर्तमान में तीन नेशनल कोऑर्डिनेटर कार्यरत हैं राज्यसभा सांसद रामजी गौतम, रणधीर बेनीवाल और राजाराम। अब ये तीनों नेता आकाश आनंद को रिपोर्ट करेंगे। रामजी गौतम बिहार प्रदेश के प्रभारी भी हैं। माना जा रहा है कि आकाश को मिली यह जिम्मेदारी बसपा में नई ऊर्जा और दिशा का संचार करेगी।
पार्टी से जुड़े सूत्रों का कहना है कि आकाश आनंद अब बसपा के प्रमुख रणनीतिकार की भूमिका निभाएंगे और चुनावी रैलियों में पार्टी की नीतियों का प्रचार करेंगे। युवा और ऊर्जावान नेता के रूप में उनकी छवि से पार्टी को युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में मदद मिलेगी। साथ ही, यह संकेत भी जाएगा कि मायावती पार्टी में नई पीढ़ी को आगे लाने को तैयार हैं।
आकाश आनंद की यह वापसी आसान नहीं रही
हालांकि, आकाश आनंद की यह वापसी आसान नहीं रही। कुछ समय पहले उन्हें और उनके ससुर अशोक सिद्धार्थ को कथित अनुशासनहीनता के आरोप में बसपा से निष्कासित कर दिया गया था। लेकिन 13 अप्रैल को आकाश ने सोशल मीडिया पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगी, अपनी गलतियों को स्वीकार किया और मायावती को अपना एकमात्र राजनीतिक गुरु मानते हुए खुद को फिर से पार्टी और आंदोलन के प्रति समर्पित करने का संकल्प लिया।
इसके बाद मायावती ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें दोबारा मौका देने की घोषणा की। उन्होंने आकाश की माफी, वरिष्ठों के सम्मान और भविष्य में अनुशासन का पालन करने की प्रतिबद्धता को स्वीकार करते हुए संगठन में उनकी वापसी की पुष्टि की। हालांकि, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में किसी को उत्तराधिकारी बनाने का अभी कोई प्रश्न नहीं है। आकाश आनंद की वापसी और नई जिम्मेदारी से बसपा को चुनावी रणनीति में मजबूती मिलने की उम्मीद की जा रही है।
Also Read: UP Encounter: सिपाही को रौंदने वाला बदमाश मुठभेड़ में ढेर, दो अन्य साथी भी घायल

