राम मंदिर के नए CEO पर अखिलेश का बड़ा तंज, ‘नई नियुक्ति से पुरानी बातें नहीं होंगी खत्म’
Ayodhya Ram Mandir: श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट (Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra Trust) की ओर से राम मंदिर के पूर्णकालिक मुख्य कार्यपालक अधिकारी की नियुक्ति के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि नई चीजें होने से पुरानी बातें भुलाई नहीं जा सकतीं।
अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर से जुड़े दान और जमीन के मामलों को लेकर BJP पर निशाना साधा। उन्होंने मंदिर के दान की कथित चोरी का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में आम कर्मचारियों को जेल भेज दिया गया, जबकि बड़े नामों को छोड़ दिया गया।
‘राम धन’ की चोरी पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने कहा, “नई चीजें होने से क्या हम पुरानी चीज भूल जाएंगे? हमें किसी से कोई शिकायत नहीं है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में ‘राम धन’ की चोरी नहीं होगी।
सपा अध्यक्ष ने अयोध्या को विश्वस्तरीय शहर के रूप में विकसित किए जाने की बात कही। साथ ही उन्होंने भाजपा पर जमीन घोटाले और गरीबों को उचित मुआवजा नहीं देने का आरोप लगाया।
विकास के साथ लोगों के हित का भी ध्यान रखने की बात
Akhilesh Yadav ने कहा कि अयोध्या के विकास के साथ वहां रहने वाले लोगों के हितों का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। उन्होंने जमीन से जुड़े मामलों और मुआवजे को लेकर सरकार से सवाल करते हुए कहा कि विकास के नाम पर गरीबों के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।
राम मंदिर के संचालन के लिए पूर्णकालिक CEO की नियुक्ति के बीच अखिलेश की यह टिप्पणी सामने आई है। उन्होंने नियुक्ति का सीधे विरोध करने के बजाय मंदिर से जुड़े पुराने विवादों और कथित अनियमितताओं को लेकर भाजपा पर हमला बोला है।
Also Read: हल्द्वानी शुद्धिकरण विवाद ने पकड़ा तूल, राहुल गांधी की तस्वीर रख BJP ने कराया ‘बुद्धि शुद्धि हवन’

