मतदाता अधिकार यात्रा में राहुल और तेजस्वी के साथ मिलकर अखिलेश ने भरी हुंकार

Sandesh Wahak Digital Desk: बिहार में आगामी विधानसभा चुनावों से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। शनिवार को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव बिहार के सारण में ‘मतदाता अधिकार यात्रा’ में कांग्रेस नेता राहुल गांधी और राजद नेता तेजस्वी यादव के साथ शामिल हुए।

यात्रा के दौरान अखिलेश यादव ने बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, अवध (उत्तर प्रदेश) की जनता ने तो बीजेपी को हटा दिया है। अब हमें उम्मीद है कि मगध (बिहार) के लोग भी भारतीय जनता पार्टी को हटाएंगे। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि बीजेपी हर किसी का अपमान करती है।

अखिलेश ने तेजस्वी यादव की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने बिहार में लाखों नौकरियां दीं, जिससे लोगों का उन पर भरोसा बढ़ा है। उन्होंने कहा, अब बीजेपी का बिहार से पलायन होने जा रहा है। सही मायने में यहां की जनता चुनाव आयोग का एसआईआर (SIR) करने वाली है।

कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने भी सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव का स्वागत किया। उन्होंने लिखा, लोकतंत्र की रक्षा के इस ऐतिहासिक आंदोलन में उनका स्वागत है। वह भाजपा द्वारा लोकतंत्र को खत्म करने के खिलाफ हमारी लड़ाई में एक मजबूत सहयोगी और देश के गरीबों तथा वंचितों की एक मजबूत आवाज रहे हैं।

कल पटना में होगा यात्रा का समापन

इंडिया ब्लॉक की मतदाता अधिकार यात्रा का आज दूसरा आखिरी दिन था। इस यात्रा का मुख्य मकसद मतदाता अधिकारों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और वोट चोरी तथा मतदाता सूची के पुनरीक्षण में कथित अनियमितताओं का विरोध करना है। यह यात्रा 1 सितंबर को पटना में एक भव्य मार्च के साथ समाप्त होगी, हालांकि प्रशासन ने रैली की अनुमति नहीं दी है।

Also Read: सीएम योगी की वाराणसी में दोहरी भूमिका: जनता दर्शन से सुनी फरियाद, बाढ़ पीड़ितों से भी मिले

Get real time updates directly on you device, subscribe now.