‘अखिलेश मेरे उतने ही करीब, जितने नेताजी थे’, आजम खान बोले- जेल में बदली पूरी जिंदगी
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान जेल से रिहा होने के बाद पहली बार मीडिया के सामने आए। सीतापुर जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने आज तक से बातचीत की, जिसमें उन्होंने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, अपने जेल के अनुभव और भविष्य की राजनीति पर खुलकर बात की।
अखिलेश यादव के बारे में पूछे जाने पर आजम खान ने कहा वह बड़े नेता हैं और एक बड़ी पार्टी का नेतृत्व करते हैं। मैं उनका शुक्रगुजार हूं कि उन्होंने मेरे बारे में बात की। अखिलेश मेरे उतने ही करीब हैं, जितने नेताजी (मुलायम सिंह यादव) थे।
अपने जेल जीवन को बेहद मुश्किल बताते हुए आजम खान ने कहा कि पांच साल तक जेल में रहने से उनकी जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। उन्होंने बताया कि अब उन्हें सिर्फ अपनी पत्नी का नंबर याद है और वह मोबाइल चलाना तक भूल गए हैं। उन्होंने कहा, “मैंने एक छोटे से सेल में पांच साल गुजारे हैं। अब मैं किसी का इंतजार नहीं कर सकता।”
बसपा में जाने की अटकलों पर लगाया विराम
आजम खान ने उन नेताओं के प्रति कोई नाराजगी नहीं दिखाई, जो उनसे जेल में मिलने नहीं आए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें पहले नहीं पहचाना, अब दर्ज हुए मुकदमों की वजह से वे उन्हें जानने लगे हैं। बसपा में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने साफ कहा कि वह ‘चरित्र वाले आदमी’ हैं और ऐसी अटकलों पर विराम लगाया। अपने ऊपर दर्ज मामलों को लेकर आजम खान ने कहा कि उन्हें रद्द करने की जरूरत नहीं है, क्योंकि उन्हें सुप्रीम कोर्ट से इंसाफ मिलने का पूरा भरोसा है।
Also Read: ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप: सोनू सूद से ED कर रही पूछताछ, 1xBet से जुड़े मामले में किया तलब

