Lucknow News: अखिलेश यादव ने BJP पर लगाया आरोप, पूजा पाल के अगले कदम पर अटकलें तेज
Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट आ गई है। समाजवादी पार्टी से निकाली गईं विधायक पूजा पाल को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने बीजेपी पर बड़ा आरोप लगाया है। अखिलेश ने कहा कि बीजेपी, पूजा पाल का इस्तेमाल कर सपा के खिलाफ दुष्प्रचार कर रही है। इन आरोपों के बीच, प्रयागराज में लगे एक होर्डिंग ने पूजा पाल के अगले राजनीतिक कदम को लेकर हलचल मचा दी है।
सपा ने चायल से विधायक पूजा पाल को पार्टी विरोधी काम और अनुशासनहीनता के आरोप में निकाल दिया था। दरअसल, पूजा ने विधानसभा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए कहा था कि उन्होंने उनके पति राजू पाल के हत्यारे अतीक अहमद के खिलाफ कार्रवाई की। अखिलेश यादव ने इसे पार्टी के खिलाफ माना और तुरंत कार्रवाई कर दी। इसके बाद पूजा ने अखिलेश पर दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक समुदायों की आवाज़ दबाने का आरोप लगाया।

अखिलेश का बीजेपी पर हमला
रविवार को लखनऊ में अखिलेश यादव ने पूजा पाल के आरोपों पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, यह समझना मुश्किल है कि कोई मुख्यमंत्री से मिल रहा है और उसी समय दूसरी पार्टी के नेता से जान का खतरा भी बता रहा है। अखिलेश ने सीधे तौर पर बीजेपी पर आरोप लगाया कि वह पूजा पाल को मोहरा बनाकर सपा की PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नीति को कमजोर करने की कोशिश कर रही है।
पूजा पाल क्या BJP में शामिल होंगी
प्रयागराज में लगे एक होर्डिंग ने इस मामले में नया मोड़ ला दिया है। इस होर्डिंग में पूजा पाल को नारी शक्ति और पिछड़ा वर्ग की आवाज बताया गया है। इसमें उनके बीजेपी में शामिल होने की संभावना का भी ज़िक्र है, जिससे सियासी गलियारों में यह चर्चा तेज हो गई है। हालांकि, पूजा पाल ने 17 अगस्त को कहा था कि वह अभी बीजेपी में जाने का फैसला नहीं ले रही हैं और अपने समुदाय से सलाह लेंगी।
Also Read: Kanpur News: कानपुर में जमीन का बड़ा खेल,तीन डिप्टी एसपी समेत कई अफसरों पर SIT की नजर

