‘सत्ता के दम पर बढ़वाए 1 करोड़ फर्जी वोट, दोषियों पर दर्ज हो FIR’, अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भाजपा को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने सुनियोजित तरीके से राज्य की मतदाता सूची में करीब एक करोड़ फर्जी नाम जुड़वाए हैं। अखिलेश ने मांग की है कि ऐसे नकली वोट बनाने वाले अधिकारियों और लोगों के खिलाफ तुरंत एफआईआर (FIR) दर्ज की जानी चाहिए।
“अब खुद के जाल में फंस गई भाजपा”
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा कि जिस एसआईआर (SIR) अभियान से भाजपा पूरे देश को परेशान कर रही थी, अब उसी अभियान ने भाजपा की नींद उड़ा दी है। उन्होंने कहा भाजपा ने फर्जी वोट बनवाए थे, जिसका मतलब है कि चुनावों में फर्जी वोट डाले भी गए। उनके अनुसार, भाजपा के बूथों पर जो वोट निकले हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने उत्तर प्रदेश की जनता का आभार जताया और कहा कि आज भाजपा के लोग ‘गुपचुप’ बैठकें कर रहे हैं क्योंकि उनकी फर्जीवाड़े की पोल खुलने लगी है।
निर्वाचन आयोग की सफाई
मतदाता सूची को लेकर मचे इस बवाल के बीच प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) नवदीप रिणवा ने सोशल मीडिया पर स्पष्टीकरण दिया है। उन्होंने कहा कि अभी जो सूची जारी हुई है, वह केवल ‘ड्राफ्ट’ (कच्ची सूची) है।
चुनाव आयोग के मुताबिक, 6 मार्च को जो अंतिम मतदाता सूची आएगी, वही फाइनल होगी। आयोग ने कहा है कि अगर किसी का नाम ड्राफ्ट लिस्ट में नहीं है, तो घबराने की जरूरत नहीं है। मतदाता फॉर्म-6 भरकर अपना नाम जुड़वा सकते हैं।
सियासी पारा हाई
कांग्रेस और सपा जैसे विपक्षी दल लगातार आरोप लगा रहे हैं कि खास समुदाय और वर्ग के लोगों के नाम वोटर लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। वहीं भाजपा इन आरोपों को निराधार बता रही है। फिलहाल, 6 मार्च की तारीख उत्तर प्रदेश की राजनीति के लिए बेहद अहम होने वाली है, जब साफ होगा कि किसका नाम लिस्ट में बचा और किसका कटा।
Also Read: UP News: आयुष्मान अस्पतालों को अब 30 दिन में मिलेगा भुगतान, पिछले एक साल में बांटे 4,649 करोड़

