अखिलेश यादव ने योगी पर कसा तंज, बोले- आजकल सीएम का मतलब करप्ट माउथ हो गया है

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की सियासत में शनिवार को बड़ी हलचल देखने को मिली। पूर्व कैबिनेट मंत्री और दिग्गज नेता नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने कांग्रेस से इस्तीफा देने के बाद औपचारिक रूप से समाजवादी पार्टी की सदस्यता ले ली। इस मौके पर अखिलेश यादव ने नसीमुद्दीन का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर सीधा कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने ‘CM’ शब्द की नई व्याख्या कर डाली। उन्होंने कहा, आजकल सीएम (CM) का मतलब ‘करप्ट माउथ’ (भ्रष्ट मुंह) भी होने लगा है। उन्होंने आगे चुटकी लेते हुए कहा कि हमारे मुख्यमंत्री खुद को एक ‘खिलाड़ी’ तो बताते हैं, लेकिन अफसोस कि वे खेल नहीं पा रहे हैं।

दिल्ली और लखनऊ का माहौल खराब

अखिलेश यादव ने कहा कि आज चाहे दिल्ली की सरकार हो या लखनऊ की, दोनों ही जगह राजनीतिक माहौल पूरी तरह खराब हो चुका है। उन्होंने शासन व्यवस्था की विफलता का आरोप लगाते हुए कहा कि ये लोग केवल दूसरों से प्रमाण पत्र मांगना जानते हैं, जबकि इनके पास खुद का कोई ‘सफलता का प्रमाण पत्र’ नहीं है।

सपा प्रमुख ने धर्म और आस्था के मुद्दे पर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि कुछ लोग पूज्य शंकराचार्य का अपमान कर रहे हैं। अखिलेश ने कहा, हम भगवा वस्त्र धारण करने वाले हर व्यक्ति का सम्मान करते हैं, लेकिन सत्ता में बैठे लोग किस तरह की भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं? ये जब भी मुंह खोलते हैं, तो सिर्फ बुराई ही करते हैं।

अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए रक्षा खरीद का मुद्दा उठाया। उन्होंने पूछा कि अगर हम करोड़ों रुपये के राफेल विमान विदेश से ही खरीद रहे हैं, तो सरकार के ‘मेक इन इंडिया’ के नारे का क्या हुआ? उन्होंने सरकार के आर्थिक दावों और हकीकत के बीच गहरे विरोधाभास का आरोप लगाया।

Also Read: भारत-अमेरिका डील पर राहुल गांधी ने सरकार से किए 5 तीखे सवाल

Get real time updates directly on you device, subscribe now.