गैस किल्लत पर अखिलेश का BJP पर तंज, करोड़ों कार्यकर्ता और बड़े-बड़े नेता आखिर कहाँ छिप गए
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने देश में एलपीजी (LPG) सिलेंडरों के लिए मची त्राहि-त्राहि के बीच भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने सवाल उठाया कि खुद को ‘विश्व की सबसे बड़ी पार्टी’ कहने वाली भाजपा के नेता और कार्यकर्ता जनता की इस बड़ी मुसीबत के समय मैदान से गायब क्यों हैं?
सपा प्रमुख ने चुटकी लेते हुए कहा कि अगर सरकार का दावा है कि गैस की कोई कमी नहीं है, तो फिर लोग सड़कों पर क्यों हैं? उन्होंने कहा, भाजपा के मंत्री, सांसद, विधायक और करोड़ों कार्यकर्ता इस समय कहाँ हैं? क्या वे सभी भूमिगत हो गए हैं? उन्होंने भाजपा नेताओं को चुनौती दी कि वे अपने सुरक्षित ठिकानों से बाहर निकलें, गैस एजेंसियों पर कतारों में खड़े लोगों के बीच जाएं और उन्हें सिलेंडर दिलाने में मदद करें।
अगर भाजपावाले कह रहे हैं कि ‘गैस’ की कोई कमी नहीं है तो विश्व की सबसे बड़ी पार्टी का दावा करनेवाले उनके मंत्री, सांसद, विधायक, पार्षद और करोड़ों कार्यकर्ता और उनके unregistered संगी-साथी (अपने पुराने इतिहास को दोहराते हुए) Underground क्यों हो गये हैं। वो भूमिगत ठिकानों से निकलें… pic.twitter.com/VWZv1xYVZh
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) March 13, 2026
जनता की नाराजगी और तीखे सवाल
अखिलेश यादव ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जब लोगों के घरों में चूल्हा जलना बंद हो गया है, तो उनके पास विरोध के अलावा क्या रास्ता बचा है। उन्होंने सवाल पूछा, क्या मजबूर जनता अब भाजपा नेताओं के घरों का घेराव करे? क्या लोग उनके कार्यालयों पर जाकर जवाब मांगें या उनकी गाड़ियों को रोकें? अखिलेश यादव ने पुरानी यादें ताजा करते हुए सरकार की कार्यशैली पर गंभीर आरोप लगाए।
ऑक्सीजन से एलपीजी तक: उन्होंने कहा कि जिस तरह कोरोना के समय ऑक्सीजन की कमी को नकारा गया और लोग भटकते रहे, आज वही स्थिति रसोई गैस और खाद को लेकर बनी हुई है।
आपदा में अवसर: सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा हर संकट में सच्चाई को दबाती है और आपदा के समय भी कालाबाजारी का रास्ता खोज लेती है, जिसका खामियाजा सीधे आम जनता को भुगतना पड़ता है।
Also Read: Hapur News: गैस किल्लत के बीच सिलेंडरों का अवैध स्टॉक बरामद, एजेंसियों पर पुलिस का पहरा

