अखिलेश यादव का भाजपा पर प्रहार, बोले- युवाओं का भविष्य अंधेरे में धकेल रही सरकार
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज नवरात्रि के अवसर पर सभी के सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की पूजा मातृशक्ति की आराधना है, जो हमें अन्याय और अत्याचार के विरुद्ध लड़ने की प्रेरणा देती है। इसी प्रेरणा के साथ उन्होंने प्रदेश की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना की।
स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने प्रदेश की स्वास्थ्य सेवाओं को ‘चौपट’ करार देते हुए कहा कि गरीबों को न समय पर एंबुलेंस मिल रही है और न ही इलाज। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि सरकार के अंतिम साल में स्वास्थ्य मंत्री लाइनों में लगकर छापा मारने का दिखावा कर रहे हैं, जबकि हकीकत में अस्पतालों में दवाएं और डॉक्टर नदारद हैं।
शिक्षा के मुद्दे पर उन्होंने सरकार की मंशा पर सवाल उठाए कि आखिर प्राथमिक स्कूल बंद क्यों किए जा रहे हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा गरीब बच्चों को अच्छी शिक्षा से वंचित रखना चाहती है।

युवाओं और रोजगार को लेकर घेरा
सपा अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। पढ़े-लिखे नौजवानों के पास काम नहीं है और सरकार रोजगार देने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में केवल ‘बजट की लूट’ चल रही है और विकास कार्य पूरी तरह ठप हो गए हैं।
2027 का लक्ष्य और नए साथियों का स्वागत
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा से मुक्ति पाने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को फिर से विकास की पटरी पर लाने के लिए समाजवादी सरकार जरूरी है। इसके अलावा आज भारतीय जागृति मिशन और चौहान एकता महासभा के तमाम पदाधिकारियों ने सपा की नीतियों में आस्था जताते हुए पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान सांसद राम शिरोमणि वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी भी मौजूद रहे।
नए सदस्यों में भारतीय जागृति मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम साहू और चौहान एकता महासभा के संयोजक राजकुमार चौहान समेत कई नेताओं ने संकल्प लिया कि वे 2027 में अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए जी-जान से जुटेंगे।

