रामगोविन्द चौधरी के संघर्ष को आगे बढ़ाएगी सपा, अखिलेश बोले- 2027 में BJP को हराकर बनाएंगे सरकार
Akhilesh Yadav: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शुक्रवार को बलिया के गोसाईंपुर पहुंचे। यहां उन्होंने पूर्व नेता प्रतिपक्ष स्वर्गीय रामगोविंद चौधरी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। अखिलेश ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए और परिजनों को सांत्वना दी। इस दौरान उन्होंने राम मंदिर के चंदे, मतदाता सूची के पुनरीक्षण और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा पर निशाना साधा।
रामगोविंद चौधरी के संघर्ष को याद किया
अखिलेश यादव ने कहा कि रामगोविंद चौधरी जमीन से जुड़े नेता थे। उन्होंने किसानों, नौजवानों, गरीबों और मजदूरों के अधिकारों व सम्मान के लिए जीवनभर संघर्ष किया। पक्ष और विपक्ष, दोनों के नेता उनकी बातों को गंभीरता से सुनते थे। उनके विचारों और संघर्ष को आगे बढ़ाना सभी की जिम्मेदारी है। अखिलेश ने भरोसा दिलाया कि रामगोविंद चौधरी का संघर्ष व्यर्थ नहीं जाएगा।
राम मंदिर के चंदे पर सवाल, मुख्यमंत्री को दी चुनौती
मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने अयोध्या में राम मंदिर के चढ़ावे और चंदे में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने 15 दिन में दूध का दूध और पानी का पानी करने की बात कही थी। अखिलेश ने चुनौती देते हुए कहा कि अगर मुख्यमंत्री को अपने दावे पर इतना भरोसा है तो वह अयोध्या से चुनाव लड़कर दिखाएं।
सपा प्रमुख ने भाजपा पर आरोप लगाया कि श्रद्धालुओं के दान में गड़बड़ी हुई और अयोध्या के लोगों के साथ अन्याय किया गया।
2027 में सत्ता परिवर्तन का दावा, SIR पर भी घेरा
अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में सत्ता परिवर्तन होगा और समाजवादी पार्टी का गठबंधन प्रदेश में अब तक की सबसे ज्यादा सीटें जीतेगा। उन्होंने कहा कि 2024 में भाजपा को चुनौती देने वाला इंडिया गठबंधन 2027 में भी उसे हराएगा।
उन्होंने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी और मिलावटखोरी बढ़ाने का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि किसान खाद और बीज के लिए परेशान हैं, जबकि प्रदेश में 26 हजार से अधिक प्राथमिक विद्यालय बंद हो चुके हैं।
चुनाव आयोग पर निशाना साधते हुए सपा अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान फर्जी फॉर्म-7 के जरिए सपा समर्थकों के नाम कटवाने की साजिश की गई। उनके मुताबिक, पार्टी ने सबूतों के साथ शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र बचाने के लिए आंदोलन कर रहे लोगों को समाजवादी पार्टी का समर्थन जारी रहेगा।
इस मौके पर सपा के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष जासमीर अंसारी सहित पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Also Read: लखनऊ में चुनाव आयोग के खिलाफ AAP का जोरदार प्रदर्शन, पुलिस से झड़प में प्रदेश अध्यक्ष बेहोश

