Saharanpur News: इंडिगो पर सरकार का नियंत्रण क्यों नहीं, अखिलेश यादव ने इलेक्टोरल बॉन्ड से जोड़ा मामला
Saharanpur News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सहारनपुर में भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए। उन्होंने देश की बदहाल अर्थव्यवस्था से लेकर इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों के प्रभावित होने तक, हर मुद्दे पर सरकार को घेरा और केंद्र तथा राज्य दोनों ही जगह भाजपा को पूरी तरह विफल बताया।
अखिलेश यादव ने इंडिगो एयरलाइंस की उड़ानों में हो रही लगातार देरी और यात्रियों को हो रही परेशानी पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार उद्योगपतियों को इतना ताकतवर बना रही है कि वे नीतियों और फैसलों पर दबाव बना सकें। उन्होंने इलेक्टोरल बॉन्ड (Electoral Bond) का जिक्र करते हुए कहा कि इलेक्टोरल बॉन्ड की वजह से ही सरकार का इंडिगो पर कोई नियंत्रण नहीं है। उनका इशारा था कि सरकार, कॉर्पोरेट हितों के सामने झुक रही है।
महंगाई और आर्थिक संकट पर चिंता
सपा प्रमुख ने देश की अर्थव्यवस्था पर गहरा संकट होने की बात कही। उन्होंने भारतीय मुद्रा में लगातार गिरावट पर चिंता जताते हुए कहा कि रुपया डॉलर के मुकाबले तेज़ी से कमजोर होता जा रहा है। रुपया गिरते-गिरते 90 रुपये प्रति डॉलर पर पहुँच चुका है। अर्थव्यवस्था पर बड़ा संकट है, लेकिन भाजपा सरकार सच छिपाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सरकार भावनाओं की राजनीति कर रही है, जबकि किसान, मजदूर और युवाओं के हितों की लगातार उपेक्षा की जा रही है।
वोटर लिस्ट से नाम काटने की साजिश
अखिलेश यादव ने मतदाता सूची में संशोधन और बड़े पैमाने पर नाम काटे जाने के आरोपों पर चुनाव आयोग पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में दो से तीन करोड़ मतदाताओं के नाम काटे जाने का खतरा है। उन्होंने सवाल किया कि जब सबके पास आधार कार्ड, फिंगरप्रिंट और रेटिना का रिकॉर्ड है, फिर भी आधुनिक तकनीक का उपयोग करके वोट जोड़ने की प्रक्रिया सरल क्यों नहीं की जा रही है?
Also Read: Rampur News: जेल में आजम खान की बिगड़ी तबीयत, मेडिकल जांच कराने से किया इनकार

