मेधावी छात्र-छात्राओं को अखिलेश यादव ने बांटे लैपटॉप, बोले- उज्ज्वल भविष्य की ओर कदम
चौधरी शिवचरण सिंह इंटर कॉलेज के 15 विद्यार्थियों को मिली डिजिटल सौगात, समाजवादी सरकार की 'लैपटॉप योजना' की यादें हुई ताजा
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शिक्षा के प्रति अपने संकल्प को दोहराते हुए सोमवार को मुरादाबाद के होनहार छात्र-छात्राओं को लैपटॉप वितरित किए। लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संक्षिप्त कार्यक्रम के दौरान उन्होंने चौधरी शिवचरण सिंह इंटर कॉलेज, मुरादाबाद के मेधावियों को यह डिजिटल उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

इन मेधावियों के खिले चेहरे
अखिलेश यादव के हाथों लैपटॉप पाकर छात्र-छात्राओं के चेहरे खुशी से दमक उठे। लैपटॉप पाने वाले विद्यार्थियों में मुख्य रूप से बीरू, रानी, रूबी, मो. गुफरान, मशी, सदफ, रेणुका, राधिका, तुलसी, प्रीती, रहनुमा, भावना, अरीबा खान, दीक्षा और राम सिंह शामिल रहे।

शिक्षा और तकनीक पर जोर
इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि आज का युग तकनीक का है और बिना डिजिटल शिक्षा के नौजवान दुनिया के साथ कदम से कदम मिलाकर नहीं चल सकते। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा से गरीब और मध्यम वर्ग के बच्चों के हाथों में लैपटॉप देकर उन्हें सशक्त बनाने का काम किया है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को मन लगाकर पढ़ने और देश-प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया।

2027 के लिए बड़ा संदेश
राजनीतिक गलियारों में इस कदम को समाजवादी पार्टी की पुरानी लोकप्रिय ‘लैपटॉप वितरण योजना’ की याद ताजा करने के रूप में देखा जा रहा है। अखिलेश यादव लगातार युवाओं के बीच अपनी पैठ मजबूत कर रहे हैं और लैपटॉप वितरण के जरिए वे यह संदेश देना चाहते हैं कि समाजवादी सरकार आने पर युवाओं के लिए संसाधनों की कमी नहीं होने दी जाएगी।
Also Read: लोहिया जयंती पर अखिलेश का ‘जातीय जनगणना’ दांव, बोले- इसलिए पिछड़ों की गिनती नहीं कर रही सरकार

