Lucknow News: सीएम योगी की तारीफ करना सपा विधायक पूजा पाल को पड़ा महंगा, अखिलेश यादव ने पार्टी से निकाला

Lucknow News: उत्तर प्रदेश विधानसभा में 24 घंटे चले नॉन-स्टॉप सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करना सपा विधायक पूजा पाल को महंगा पड़ गया है। पूजा पाल की तारीफ से नाराज समाजवादी पार्टी ने उन्हें पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है।

क्या था मामला

सदन में चर्चा के दौरान सपा विधायक पूजा पाल ने कहा था कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीरो टॉलरेंस जैसी नीतियों को लागू करके उन जैसी कई महिलाओं को न्याय दिलाया है। उन्होंने अतीक अहमद जैसे माफिया को मिट्टी में मिला दिया। पूजा पाल ने कहा था कि जब उनकी बात कोई नहीं सुन रहा था, तब मुख्यमंत्री ने उनकी बात सुनी। उनकी इसी तारीफ से सपा नेतृत्व नाराज हो गया।

अखिलेश ने दिया तंज भरा जवाब

पार्टी से निकाले जाने से पहले अखिलेश यादव ने पूजा पाल पर तंज कसते हुए कहा था कि वह बीजेपी से अपना टिकट पक्का करवा लें। उन्होंने यह भी कहा कि पूजा पाल सीएम योगी को भी टिकट दिलवा रही हैं, क्योंकि सीएम तो केवल चुनाव लड़ने के लिए ही बीजेपी में हैं। अखिलेश ने कहा कि अगर पूजा पाल ने पहले ही बीजेपी से टिकट ले लिया होता, तो मैं उन्हें टिकट क्यों देता।

पहले भी दिखा चुकी हैं बागी तेवर

यह पहली बार नहीं है जब पूजा पाल ने पार्टी लाइन से हटकर काम किया हो। राज्यसभा चुनाव के दौरान जिन 7 सपा विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की थी, उनमें पूजा पाल भी शामिल थीं। वह लंबे समय से सोशल मीडिया पर सीएम योगी और गृह मंत्री अमित शाह के साथ की तस्वीरें भी शेयर करती रही हैं। पिछले दिनों सपा ने तीन बागी विधायकों को पार्टी से निकाला था और अब पूजा पाल के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है।

Also Read: Kanpur News: विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस पर लाखों अनाम पीड़ितों को श्रद्धांजलि

Get real time updates directly on you device, subscribe now.