राम मंदिर विवाद के बीच अखिलेश यादव का परिवार पहुंचा काशी, बाबा विश्वनाथ के किए दर्शन

Akhilesh Yadav Family Varanasi Visit: उत्तर प्रदेश की राजनीति इस समय पूरी तरह राम मंदिर और उससे जुड़े विवादों के इर्द-गिर्द घूम रही है। समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव द्वारा राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मुद्दा उठाए जाने के बाद राज्य की सियासत गरमा गई है। इसके बाद भाजपा ने पलटवार करते हुए सपा सरकार के दौरान राम भक्तों पर हुई कथित घटनाओं को लेकर सवाल उठाए।

इस राजनीतिक टकराव के बीच अखिलेश यादव का परिवार धार्मिक यात्रा पर काशी पहुंचा। उनकी पत्नी और सांसद डिंपल यादव सोमवार शाम वाराणसी पहुंचीं और काशी विश्वनाथ मंदिर तथा काल भैरव मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इससे पहले उनके बच्चे अर्जुन, टीना और अदिति रविवार को ही काशी पहुंच चुके थे और उन्होंने बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए थे।

गोपनीय यात्रा, सोशल मीडिया से खुला राज

यह यात्रा काफी गोपनीय रखी गई थी, ताकि किसी तरह की राजनीतिक भीड़ या हलचल न हो। हालांकि, काल भैरव मंदिर की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में चर्चा तेज हो गई। यहां तक कि स्थानीय संगठन के पदाधिकारियों को भी इस यात्रा की जानकारी नहीं थी।

गंगा आरती और बनारसी स्वाद का आनंद

तीनों बच्चों ने काशी में गंगा आरती में हिस्सा लिया और गंगा पूजन भी किया। उनके साथ सपा सांसद प्रिया सरोज भी मौजूद रहीं। बाद में डिंपल यादव ने देर रात मंगला आरती में भाग लिया और काशी की प्रसिद्ध कचौड़ी-जलेबी, लस्सी और बनारसी साड़ी की खरीदारी भी की। चर्चा है कि यह दौरा एक निजी और पारिवारिक कार्यक्रम से जुड़ा हुआ है।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.