Agra News: अखिलेश यादव ने सलीम चिश्ती की दरगाह पर चढ़ाई चादर, बोले- संविधान PDA के लिए किस्मत की किताब

Agra News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शनिवार को अपनी पत्नी डिंपल यादव और राज्यसभा सांसद जया बच्चन के साथ आगरा स्थित फतेहपुर सीकरी पहुंचे। यहाँ उन्होंने हजरत शेख सलीम चिश्ती की दरगाह पर चादर चढ़ाई और देश के अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।

दरगाह पर चादर चढ़ाने के बाद मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने देश की मिली-जुली संस्कृति पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा, हमारी हिंदुस्तानियत, मिली-जुली संस्कृति, एक दूसरे के प्रति हम लोगों का लगाव इस देश में और बढ़े, ऐसी ही हमारी कामना है यहाँ से।

उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए कहा कि उनके दिए संविधान की वजह से ही लोगों को हक और सम्मान मिल रहा है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, संविधान की किताब पीडीए (PDA) के लिए किस्मत की किताब है।

राजनीतिक संकेत और बीजेपी पर निशाना

अखिलेश यादव ने इस दौरान राजनीतिक समीकरणों पर भी बात की। उन्होंने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा, सरकार यह समझ ले कि अगर उद्योगपति ताकतवर होंगे तो हमको आपको (जनता को) फेस करना पड़ेगा। सरकार ताकतवर हो, उद्योगपति ताकतवर न हों, यह सरकार को सोचना चाहिए। उन्होंने दावा किया, हम लोगों ने भी बीजेपी से समीकरण बनाना सीख लिया है। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार आगरा ऐतिहासिक परिणाम समाजवादियों के पक्ष में देने जा रहा है।

मन्नत का धागा और SIR पर बयान

अखिलेश यादव ने दरगाह पर चादर चढ़ाने के साथ ही मन्नत का धागा भी बांधा। इससे पहले उन्होंने 2012 में भी यहाँ धागा बांधा था। मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि सरकार वोट बढ़ाने के बजाय वोट कटवा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी अब उन साथियों को मौका देगी जो जनता के बीच ज्यादा काम कर रहे होंगे।

Also Read: सूडान के अर्धसैनिक बलों ने किंडरगार्टन पर किया ड्रोन हमला, 33 बच्चों समेत 50 लोगों की मौत

Get real time updates directly on you device, subscribe now.