अखिलेश यादव ने जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, पुलिस का पहरा हटने के बाद हुआ कार्यक्रम

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आखिरकार राजधानी लखनऊ स्थित जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय केंद्र (JPNIC) पहुंचकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। रविवार तय समयानुसार सुबह 11 बजे जेपीएनआईसी पहुंचे अखिलेश यादव ने प्रतिमा पर गेंदे का हार पहनाया और गुलाब के फूल अर्पित किए। एक दिन पहले शनिवार को अखिलेश यादव ने जेपी की जयंती/पुण्यतिथि के अवसर पर माल्यार्पण की घोषणा की थी, जिसके तुरंत बाद शनिवार रात JPNIC के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर दी गई थी।

अखिलेश का तंज और सुबह बदला घटनाक्रम

शनिवार रात पुलिस की भारी तैनाती पर अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर निशाना साधते हुए लिखा था- “आजकल वो ही रखवाले हैं, जिनकी सोच पर लगे ताले हैं।” इस तीखी टिप्पणी के बाद रविवार सुबह JPNIC के बाहर से अचानक पुलिस बल और बैरिकेड्स हटा लिए गए। हालांकि, लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) के कई अधिकारी व कर्मचारी मौके पर पहुंचे और मुख्य द्वार पर ‘पुनरुद्धार कार्य प्रगति पर है’ का बोर्ड लगाकर गेट बंद कर दिया। फिर भी जब 11 बजे अखिलेश पहुंचे तो गेट खोल दिया गया और उन्होंने भीतर जाकर पुष्पांजलि अर्पित की।

4 साल में पहली बार मिली अनुमति

JPNIC में अखिलेश यादव की माल्यार्पण यात्रा का इतिहास काफी विवादों से भरा रहा है। पिछले चार सालों में यह केवल दूसरा मौका है जब वे परिसर के भीतर जाकर माल्यार्पण कर पाए हैं। इससे पहले हर बार पुलिस-प्रशासन द्वारा उन्हें रोक दिया जाता था। दो साल पहले भी जब उन्हें रोका गया था, तब वे अचानक एक दिन पहले JPNIC पहुंचे थे और बाउंड्री वॉल पर ‘जय समाजवाद’ लिखकर अपना विरोध दर्ज कराया था।

अखिलेश यादव के दौरे से पहले शनिवार रात को ही कड़े पुलिस पहरे को चकमा देकर कई सपा कार्यकर्ता जेपीएनआईसी परिसर में दाखिल हो गए थे। समाजवादी पार्टी छात्रसभा के प्रदेश अध्यक्ष विनीत कुशवाहा के नेतृत्व में करीब 10 कार्यकर्ताओं ने दीवार लांघकर सेंटर के अंदर प्रवेश किया और रात में ही जयप्रकाश नारायण की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दिया था।

Also Read: नेपाल में बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई बाढ़ से 3 पुल और कई मकान बहे, अलर्ट जारी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.