रामजीलाल सुमन पर हमले को लेकर भड़के अखिलेश यादव, बोले- सरकार दे रही ऐसे लोगों को संरक्षण
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने एक बार फिर पहलगाम आतंकी हमले को लेकर केंद्र सरकार का समर्थन दोहराते हुए शहीद पर्यटकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है। सोमवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि हर शहीद पर्यटक के परिजन को 10-10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जानी चाहिए।
पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सपा सांसद रामजी लाल सुमन पर हमले को लेकर यूपी सरकार का घेराव किया। उन्होंने कहा कि सूबे के मुखिया और डीजीपी के शह पर ही रामजीलाल के काफिले पर हमला किया गया।
उन्होंने निशाना साधते हुए कहा कि पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) वर्ग के लोगों को टारगेट किया जा रहा है और उन्हें चुन-चुन कर मारा जा रहा है। लेकिन इन हमलों से हम डरने वाले बिल्कुल भी नहीं हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिये हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोगों को किसी भी तरह की कार्रवाई की छूट मिली हुई है। सरकार हमला करने वालें लोगों को संरक्षण दे रही है।
योगी सरकार पर कसा तंज
यूपी सरकार के कामकाज पर कटाक्ष करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव नजदीक आते देख सरकार जनता को लुभाने के लिए नए एक्सप्रेसवे बनवा रही है। उन्होंने कहा जब सरकार के जाने के दिन आ जाते हैं, तब ऐसे प्रोजेक्ट सामने आते हैं।
गायिका नेहा सिंह राठौर पर एफआईआर को लेकर भी सपा अध्यक्ष ने सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा सरकार आलोचना से डर रही है। मैंने नेहा सिंह की कविताएं नहीं सुनी हैं, लेकिन जो भी कहा होगा, सही ही कहा होगा।
Also Read: यूपी से चुन-चुन कर किया गया पाकिस्तानी नागरिकों को बाहर, CM योगी खुद कर रहे मॉनीटरिंग

