अखिलेश यादव ने विपक्ष के उपराष्ट्रपति उम्मीदवार संग की प्रेसवार्ता, अजय राय भी रहे मौजूद

Sandesh Wahak Digital Desk: उपराष्ट्रपति चुनाव में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी ने दावा किया है कि उन्हें सभी दलों से समर्थन मिल रहा है। मंगलवार को लखनऊ में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी सांसदों ने उन्हें समर्थन दिया है, और उनकी कोशिश है कि उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अन्य राज्यों के सांसद भी उनके पक्ष में वोट दें। इस दौरान सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव भी उनके साथ मौजूद थे।

‘भाजपा एक विचारधारा को बढ़ावा दे रही’

अखिलेश यादव ने इस मौके पर भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा भाजपा के लोग आज एक खास विचारधारा से जुड़े लोगों को ही बड़े पदों पर बैठा रहे हैं। इसलिए हमारी ज़िम्मेदारी है कि हम एक समावेशी विचारधारा को अपनाएं। उन्होंने सभी दलों से अपनी अंतरात्मा की आवाज़ पर वोट देने और बी. सुदर्शन रेड्डी का समर्थन करने की अपील की।

लखनऊ में हुआ भव्य स्वागत

बी. सुदर्शन रेड्डी मंगलवार सुबह लखनऊ पहुंचे, जहां एयरपोर्ट पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका ज़ोरदार स्वागत किया। एयरपोर्ट से वह सीधे कांग्रेस कार्यालय गए, जहां उन्होंने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पीटीआई को दिए एक इंटरव्यू में रेड्डी ने कहा था कि देश में लोकतंत्र की स्थिति कमज़ोर हो गई है और संविधान को चुनौती दी जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वह संविधान की रक्षा और उसे मज़बूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं।

Also Read: Lucknow News: लखनऊ में शोहदे ने महिला प्रोफेसर को किए 1000 कॉल, शिकायत पर आरोपित गिरफ्तार

Get real time updates directly on you device, subscribe now.