‘SIR से डरे हैं अखिलेश यादव, क्योंकि…’, डिप्टी सीएम बृजेश पाठक का सपा प्रमुख पर तीखा हमला
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया है कि अखिलेश यादव SIR से डरे हुए हैं क्योंकि उन्हें डर है कि वोटर लिस्ट से घुसपैठिए बाहर हो जाएंगे और उनकी पार्टी के उम्मीदवारों की जमानतें जब्त हो जाएंगी।
SIR और घुसपैठियों पर वार
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए कहा “विपक्ष और अखिलेश यादव SIR से आखिर क्यों डरे हुए हैं? चुनाव आयोग ने अवैध लोगों को लिस्ट से बाहर करने का फैसला किया है। अगर निष्पक्ष और पारदर्शी लिस्ट बन रही है तो अखिलेश यादव के पेट में दर्द क्यों हो रहा है?”
उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि अखिलेश यादव डरे हुए हैं और “घुसपैठियों के साथ खड़े हैं।” उन्होंने कहा कि SIR लागू होने के बाद उत्तर प्रदेश की वोटर लिस्ट से घुसपैठिए बाहर होंगे और बीजेपी सरकार उन्हें प्रदेश से बाहर निकालेगी। उन्होंने याद दिलाया कि SIR कोई पहली बार नहीं हो रहा है, 2002 में भी SIR हुआ था, जिसमें अवैध लोगों को मतदाता सूची से बाहर किया गया था।
‘भारत माता’ के विरोध का आरोप
बृजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर हताशा का आरोप लगाते हुए कहा कि कुर्सी से दूर होने की वजह से वह बौखला गए हैं। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम योगी आदित्यनाथ का विरोध करते-करते वो भारत माता का विरोध करने पर उतर आए हैं।”
डिप्टी सीएम ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों को लेकर भी बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि बिहार में प्रचंड बहुमत के साथ एनडीए की सरकार बनने जा रही है।उन्होंने कहा कि बिहार के लोगों ने विकास, कानून व्यवस्था, और ‘जंगलराज को वापस न आने देने’ के नाम पर पीएम मोदी और सीएम नीतीश कुमार के नाम पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि अखिलेश ने बिहार में जातीय गोलबंदी की लाख कोशिशें कीं, लेकिन जातिवाद का जहर अब देश या राज्य में सफल नहीं होगा, क्योंकि उत्तर प्रदेश के लोग जागरूक हैं।
Also Read: ‘नोटबंदी से रुपया जुटाया, अब सोने पर नज़र’, अखिलेश यादव का भाजपा पर बड़ा आरोप

