अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला, बोले- व्यापारियों का आक्रोश भाजपा के लिए डूब मरने…
Sandesh Wahak Digital Desk: सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कन्नौज दौरे के दौरान भाजपा सरकार की नीतियों को ‘मंदी’ और ‘बंदी’ का कारण बताया। उन्होंने कहा कि आज छोटा व्यापारी इतना परेशान है कि वह अपनी जान देने की बात कर रहा है। अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा केवल चंद अरबपतियों के फायदे के लिए छोटे दुकानदारों को खत्म करना चाहती है।
व्यापारियों का दर्द और ‘कमीशनखोरी’ का आरोप
अखिलेश यादव ने एक व्यापारी परिवार के बयान का जिक्र करते हुए कहा, “जब कोई परिवार कहता है कि ‘ये हम नहीं हमारी लाशें खड़ी हैं’, तो यह सरकार के लिए शर्म की बात है।” उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सारा व्यापार कुछ ‘महा-मुनाफाखोरों’ को सौंपना चाहती है ताकि उसे मोटा राजनीतिक चंदा मिल सके। इसी कमीशनखोरी की वजह से आज महंगाई आसमान छू रही है।
एसआईआर (SIR) और नागरिकता का डर
नागरिकता और वोटर लिस्ट के मुद्दे पर अखिलेश ने सरकार को घेरते हुए कहा भाजपा मुसलमानों के वोट कटवाने के बहाने एसआईआर (SIR) करा रही है, लेकिन अब हिंदू भाई भी अपने कागज ढूंढने को मजबूर हैं। अखिलेश ने चेतावनी दी कि जिसका नाम मतदाता सूची में नहीं होगा, उसे भाजपा विदेशी घोषित कर डिटेंशन सेंटर भेज देगी। उन्होंने इसे जनता को डराने की एक कुटिल चाल बताया।
कन्नौज का विकास रोकने का आरोप
अपने पुराने संसदीय क्षेत्र कन्नौज में अखिलेश ने कहा कि समाजवादी सरकार ने यहाँ ‘काऊ मिल्क प्लांट’ लगाया था, जिसे भाजपा ने बंद कर दिया। आलू किसान एमएसपी (MSP) के लिए भटक रहे हैं और नौजवानों के पास नौकरियां नहीं हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री विदाई के समय विदेश दौरे पर जा रहे हैं, जबकि जमीन पर कोई निवेश नहीं उतरा।
केजरीवाल की जीत और नैतिकता की हत्या
दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को कोर्ट से मिली राहत पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने उनके खिलाफ झूठ फैलाया और उनकी सरकार छीनी। कोर्ट ने उन्हें निर्दोष साबित कर दिया है, जिससे यह साफ हो गया है कि भाजपा ने नैतिकता की हत्या की थी।
विदेशी समझौतों पर चिंता
अखिलेश ने भारत के बाजार में बढ़ते चीनी सामान और अमेरिका के साथ हो रही ‘ट्रेड डील’ पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इजरायल और अमेरिका को कारोबार सौंपकर भाजपा देश की अगली पीढ़ी का भविष्य अंधकार में डाल रही है।
Also Read: KGMU यौन शोषण केस: डॉ. रमीज के खिलाफ 800 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, 4 को बनाया आरोपी

