अखिलेश यादव का केंद्र और यूपी सरकार पर चौतरफा हमला, बोले- भाजपा की डिप्लोमेसी फेल
Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मंगलवार को नई दिल्ली में एक प्रमुख न्यूज़ चैनल के कार्यक्रम में केंद्र की मोदी सरकार और उत्तर प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने विदेश नीति से लेकर किसानों की बदहाली और उत्तर प्रदेश में संतों के अपमान तक के मुद्दों पर सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने स्पष्ट कहा कि भाजपा सरकार विपक्ष को बदनाम करने और अन्यायपूर्ण व्यवहार करने में जुटी है।
विदेश नीति और किसान: “विश्वगुरु होते तो युद्ध टलवा देते”
अखिलेश यादव ने केंद्र सरकार की विदेश नीति को पूरी तरह विफल बताया। उन्होंने कहा आज भारत की विदेश नीति विदेशी लोग तय कर रहे हैं और पूरा बाजार दूसरे देशों को सौंपा जा रहा है। अमेरिका के साथ व्यापारिक डील में भारतीय किसानों के हितों की बलि दी जा रही है। अगर सब कुछ विदेश से आएगा तो हमारा किसान क्या करेगा? प्रधानमंत्री कहते हैं कि उनके हर देश से अच्छे संबंध हैं, तो उन्होंने युद्ध रुकवाने में क्या भूमिका निभाई? अगर भारत वाकई विश्वगुरु है, तो उसे अमेरिका पर प्रतिबंध लगाने की हिम्मत दिखानी चाहिए।
महंगाई और ‘लापता’ गैस: “लाल टोपी और लाल सिलेंडर से घबराई भाजपा”
महंगाई के मुद्दे पर तंज कसते हुए सपा मुखिया ने कहा कि आम आदमी रसोई गैस के लिए सबसे ज्यादा परेशान है। अब लोग एलपीजी (LPG) को ‘लापता गैस’ कहने लगे हैं। खबर है कि 14 किलो का सिलेंडर अब 10 किलो का होने जा रहा है, जैसा यूरिया की बोरी के साथ किया गया था। भाजपा आज ‘लाल टोपी’ और ‘लाल सिलेंडर’ के डर से विपक्ष को झूठे मुकदमों में फंसा रही है।
शंकराचार्य का अपमान: “बिना सर्टिफिकेट के हैं शंकराचार्य”
उत्तर प्रदेश में शंकराचार्य जी के साथ हुए व्यवहार पर अखिलेश यादव ने कड़ा रोष प्रकट किया। उन्होंने कहा भाजपा सरकार ने शंकराचार्य जी को गंगा स्नान से रोका और पुलिस ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। सरकार शंकराचार्य होने का प्रमाण पत्र मांग रही है, जबकि वे तब से हैं जब सर्टिफिकेट नहीं बनते थे। मुख्यमंत्री को ‘योगी’ होने का सर्टिफिकेट किसने दिया?
अखिलेश यादव ने तंज कसते हुए कहा दोनों डिप्टी सीएम डर के कारण शंकराचार्य जी के पास नहीं गए। जो उपमुख्यमंत्री बटुकों के सम्मान की बात करते थे, उनके हाथ में ‘बटुआ’ आते ही वे बदल गए।
यूपी की कानून-व्यवस्था और एनकाउंटर पर सवाल
अखिलेश यादव ने यूपी की कानून-व्यवस्था को ‘बर्बाद’ करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि सुल्तानपुर में मंगेश यादव और झांसी में पुष्पेंद्र यादव का फर्जी एनकाउंटर किया गया। आजम खां, इरफान सोलंकी और रमाकांत यादव जैसे नेताओं को साजिश के तहत जेल भेजा गया। आजम खां की यूनिवर्सिटी को नुकसान पहुंचाया गया जबकि मुख्यमंत्री अपनी यूनिवर्सिटी चला रहे हैं। पुलिस और लेखपालों के पास से सौ-सौ करोड़ रुपये पकड़े जा रहे हैं।
चुनाव आयोग और 2027 का संकल्प
सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग भाजपा से मिलकर पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के वोट काटने की साजिश कर रहा है।
Also Read: Lucknow News: दूसरों की जमीन को अपना बताकर बेचने वाला ‘जालसाज’ गिरफ्तार, पुलिस ने बिछाया जाल

