‘कोडीन सिरप मामले में सरकार छिपा रही है अहम तथ्य’, अखिलेश यादव ने भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में एक प्रेसवार्ता कर कोडीन कफ सिरप के अवैध कारोबार को लेकर प्रदेश सरकार को घेरा। अखिलेश ने आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में नशीली कफ सिरप का काला कारोबार बड़े स्तर पर फैला हुआ है और सरकार इस मामले के महत्वपूर्ण तथ्यों को दबाने का प्रयास कर रही है।

प्रमुख आरोप और आंकड़े

अखिलेश यादव ने विभागीय आंकड़ों का हवाला देते हुए मामले की गंभीरता को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश के 36 जिलों में 118 से अधिक एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। यूपी में कफ सिरप का संगठित माफिया सक्रिय है, जिसे राजनीतिक संरक्षण मिलने का संदेह है।

सपा प्रमुख ने दावा किया कि मामले की जांच कर रही एसटीएफ (STF) अवैध कारोबारियों के साथ मिली हुई है, यही कारण है कि अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

‘फोटो विवाद’ पर तंज

हाल ही में कुछ संदिग्धों के साथ अखिलेश यादव की तस्वीरें वायरल होने पर उन्होंने करारा पलटवार किया। उन्होंने कहा “अगर मेरे साथ खड़ा होने वाला ही माफिया है, तो मेरी तस्वीरें तो मुख्यमंत्री और दोनों डिप्टी सीएम के साथ भी हैं। क्या उन तस्वीरों को भी आधार मानकर कार्रवाई होगी? मैं भाजपा की मजबूरी समझ सकता हूं, जब वे खुद फंसते हैं तो दूसरों पर इल्जाम लगाते हैं।”

शायराना अंदाज़ में घेराबंदी

प्रेसवार्ता से पहले अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया (X) पर एक पोस्ट के जरिए मुख्यमंत्री और दोनों उप-मुख्यमंत्रियों पर निशाना साधा था। उन्होंने शायराना अंदाज में तंज कसते हुए कहा था कि  “एक फुल दो हाफ हैं, यूं तो आपस में खिलाफ हैं। कोडीन के मारे ये सारे, आज डर के मारे साथ हैं।”

नशाखोरी और अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए अखिलेश यादव ने व्यंग्यात्मक लहजे में मांग की कि सरकार को एसटीएफ (Special Task Force) के साथ-साथ एक जीटीएफ (GTF) भी बना देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपाइयों के चेहरों पर हवाइयां उड़ी हुई हैं क्योंकि वे इस घोटाले की सच्चाई जानते हैं।

Also Read: मायावती का नीतीश कुमार पर हमला, बोलीं- हिजाब विवाद पर बयानबाजी छोड़ पश्चाताप करें मुख्यमंत्री

Get real time updates directly on you device, subscribe now.