संसद में अखिलेश का तंज, बोले- अमेरिका से डील नहीं, ढील हुई है
Sandesh Wahak Digital Desk: लोकसभा में बजट सत्र के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार की आर्थिक नीतियों की कड़ी आलोचना की। उन्होंने बजट की तुलना अमेरिका के साथ हुए हालिया ट्रेड डील से करते हुए सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। अखिलेश ने तंज कसते हुए पूछा, बजट पहले बना या डील पहले हुई? और अगर सब कुछ तय था, तो 11 महीने का इंतजार क्यों किया गया?
अखिलेश यादव ने अमेरिका के साथ हुए समझौते पर निशाना साधते हुए कहा कि जब सब कुछ विदेश से ही आएगा, तो भारत का किसान क्या उगाएगा और क्या बेचेगा? उन्होंने कहा, सरकार हॉर्टिकल्चर और दूध उत्पादन के आंकड़े तो गिनाती है, लेकिन किसानों को MSP की कानूनी गारंटी देने से पीछे क्यों भाग रही है? सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का सपना दिखाया था, लेकिन इस डील के बाद किसान पूरी तरह असुरक्षित महसूस कर रहा है।
डबल इंजन की सरकार में यूपी की अनदेखी
उत्तर प्रदेश की उपेक्षा का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश ने कहा कि यूपी से खुद प्रधानमंत्री आते हैं, वहां डबल इंजन की सरकार है, फिर भी बजट में 25 करोड़ लोगों के लिए कोई खास योजना नहीं है। उन्होंने कहा, भारत सरकार के बजट से यूपी में एक भी ऐसा एक्सप्रेसवे नहीं बना जिसकी क्वालिटी विकसित भारत जैसी हो। जो बन रहे हैं, उनका बस नाम बदला जा रहा है।
सोने की बढ़ती कीमतों पर बात करते हुए अखिलेश ने भावुक लहजे में कहा कि पहले गरीब सोचता था कि बेटी की शादी में सोने का कुछ दे देगा, लेकिन अब हालात ऐसे हैं कि लोहे पर पीतल का पानी चढ़ाकर विदाई करना भी मुश्किल होगा। उन्होंने पूछा कि जो लोग पहले रुपये की गिरावट को उम्र से जोड़ते थे, वे बताएं कि इस डील के बाद रुपया कहां जाकर गिरेगा?

