लखनऊ में शंकराचार्य से मिले अखिलेश यादव, गौ-सेवा के लिए स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने फूंका बिगुल

Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज लखनऊ में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से भेंट की। अखिलेश यादव ने संतों का अभिवादन किया और गौ-प्रतिष्ठा को लेकर चल रहे उनके अभियान पर चर्चा की। गौरतलब है कि शंकराचार्य बीते 7 मार्च से वाराणसी से गौ-प्रतिष्ठा जनजागरण अभियान पर निकले हैं और जौनपुर, सुल्तानपुर व सीतापुर होते हुए बुधवार को राजधानी लखनऊ पहुँचे थे।

यूपी में 81 दिन की गविष्टि यात्रा का ऐलान

लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम के दौरान शंकराचार्य ने अपने भविष्य के कार्यक्रमों का खाका पेश किया। उन्होंने बताया कि गौ-माता को राष्ट्रमाता का सम्मान दिलाने के लिए वे एक वृहद अभियान चलाएंगे:

यात्रा का नाम: गविष्टि यात्रा (यूपी परिक्रमा)।

अवधि: 3 मई से 23 जुलाई तक (कुल 81 दिन)।

रूट: इस यात्रा की शुरुआत और समापन मुख्यमंत्री के शहर गोरखपुर से होगा। 24 जुलाई को लखनऊ में एक बड़ा समागम आयोजित किया जाएगा।

स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने गौ-हत्या रोकने और सनातन धर्म की रक्षा के लिए एक ‘चतुरंगिणी सेना’ गठित करने का बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि इस सेना में संन्यासी, बैरागी, उदासीन और गृहस्थ शामिल होंगे। सेना में शामिल होने वाले हर व्यक्ति का पहले पुलिस सत्यापन कराया जाएगा। शंकराचार्य ने वादा किया कि यदि इस सेवा के दौरान किसी निष्कलंक सेवादार पर कोई झूठा आरोप लगाता है, तो उसका केस खुद संस्था लड़ेगी।

संत समाज और व्यवस्था पर तीखे बाण

शंकराचार्य ने बिना किसी का नाम लिए वर्तमान व्यवस्था और संत समाज की स्थिति पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि आज साधु समाज में भी विकृति आ गई है और वे सभी अखाड़ों को पत्र लिखकर पूछेंगे कि वे धर्म के साथ हैं या कहीं और। उन्होंने जोर देकर कहा कि गौ-हत्या रोकने के लिए अब निर्णायक लड़ाई की जरूरत है।

Also Read: Monalisa Marriage: महाकुंभ वायरल गर्ल मोनालिसा ने रचाई शादी, सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

Get real time updates directly on you device, subscribe now.