मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर सैफई पहुंचे अखिलेश, BJP पर वोट चोरी का लगाया आरोप

Mulayam Singh Yadav Death Anniversary: समाजवादी पार्टी के संस्थापक, पूर्व रक्षा मंत्री और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि पर शनिवार को देशभर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य कार्यक्रम सैफई में हुआ। यहां सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव, राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव, सांसद डिंपल यादव सहित हजारों नेताओं और कार्यकर्ताओं ने नेताजी के समाधिस्थल पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि नेताजी का जीवन समाजवादी सिद्धांतों और मानवता के प्रति समर्पण की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने सबसे कमजोर व्यक्ति की मदद करने, उसे साथ लेकर चलने और समाज से भेदभाव की भावना खत्म करने की सीख दी। अखिलेश ने कहा कि जब तक लोग पीड़ित, दुखी और अपमानित हैं, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि पीडीए की बुनियाद प्रेम, दया और अपनापन है। नेताजी इसके हमेशा जीवंत उदाहरण रहे। अखिलेश ने संकल्प लिया कि उनकी समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए कमजोर, पीड़ित और बेसहारा लोगों को साथ जोड़ा जाएगा। साथ ही नेताजी के अधूरे विकास कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।

वोट चोरी की साजिश का आरोप, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

मीडिया से बातचीत में अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनाव आयोग के जरिए वोट चोरी की साजिश रचने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है और उसे निष्पक्ष रहकर अपनी विश्वसनीयता बनाए रखनी चाहिए। अखिलेश के मुताबिक, जब आयोग पर सवाल उठते हैं तो भाजपा उसके बचाव में सामने आ जाती है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा मतदाता सूची से विपक्षी दलों के समर्थकों के नाम कटवाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और चुनाव आयोग की निष्पक्षता की मांग को लेकर कई राजनीतिक दल आवाज उठा रहे हैं।

अखिलेश ने उत्तर प्रदेश के उपचुनावों में प्रशासन के दुरुपयोग और धांधली के जरिए नतीजों को प्रभावित करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान फर्जी फॉर्म-7 भरवाकर सपा समर्थकों के वोट कटवाने की शिकायतें की गईं, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

उन्होंने सरोजनीनगर में दशरथ नाम से 100 से अधिक फॉर्म-7 भरवाने और बिधूना में सपा नगर अध्यक्ष के कथित फर्जी हस्ताक्षरों से फॉर्म भरवाने का आरोप लगाया। अखिलेश के अनुसार, सपा ने सबूतों के साथ शिकायत की, फिर भी जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई नहीं हुई।

2027 का चुनाव लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की परीक्षा

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की कथित बेईमानी के खिलाफ जनता के बीच संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण की रक्षा की बड़ी परीक्षा बताया।

सपा प्रमुख ने कहा कि किसान, नौजवान, छात्र, व्यापारी और समाज के सभी वर्ग मिलकर भाजपा को हराएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा लोकतंत्र, संविधान और आरक्षण के लिए खतरा है।

अखिलेश ने दोहराया कि चुनाव आयोग को अपनी निष्पक्षता साबित करनी होगी। मतदाता सूची में किसी का नाम जोड़ने या हटाने की प्रक्रिया पारदर्शी होनी चाहिए।

Also Read: कांग्रेस के पोस्टर फाड़ने पर आराधना मिश्रा का BJP पर हमला, बोलीं- हताशा में है पार्टी 

Get real time updates directly on you device, subscribe now.