अखिलेश यादव पहुंचे KGMU, रक्तदान शिविर का किया शुभारंभ, बोले- हमारी सरकार आई तो…

Sandesh Wahak Digital Desk: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव सोमवार को राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और कार्यकर्ताओं के इस सामाजिक पहल की सराहना की। अखिलेश ने कहा कि “ऐसे सकारात्मक कार्यों से जनता का नजरिया बदलता है और समाज में भरोसे का माहौल बनता है।”

समाजवादियों की ओर से बड़ा रक्तदान अभियान शुरू

रक्तदान शिविर को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा “आज समाजवादी साथियों ने एक बड़ा ब्लड डोनेशन कार्यक्रम शुरू किया है। ये खून किसी न किसी की ज़िंदगी बचाएगा, खासकर आपात स्थितियों में। मैं सभी साथियों को इस नेक काम के लिए बधाई देता हूं।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि KGMU जैसे संस्थानों की भूमिका बेहद अहम होती है क्योंकि दूर-दराज से इलाज के लिए लोग यहां आते हैं।

सरकार बनी तो अस्पतालों का इन्फ्रास्ट्रक्चर होगा बेहतर: अखिलेश

अखिलेश यादव ने मौके पर स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर चिंता जाहिर करते हुए कहा “जो लोग विकसित भारत का सपना दिखा रहे हैं, उन्हें यह भी नहीं पता कि ‘विश्वगुरु’ बनने का रास्ता अस्पतालों से होकर भी जाता है। हमारी सरकार बनेगी तो प्रदेश भर के सभी अस्पतालों का इन्फ्रास्ट्रक्चर सुधारा जाएगा।”

जातीय तनाव और भाजपा पर निशाना

राजनीतिक सवालों के जवाब में अखिलेश यादव ने भाजपा पर जातीय ध्रुवीकरण और संविधान विरोधी मानसिकता फैलाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा “आज लोग टोपी लगाकर घूमने को मजबूर हैं ताकि पहचान न हो। भाजपा के नेता समाजवादी पार्टी को ‘नमाजवादी’ कहकर मज़ाक बना रहे हैं। जबकि सच्चाई यह है कि इनके पहले अधिवेशन की स्पॉन्सरशिप उन्हीं लोगों ने की जिन्हें वे आज नीचा दिखाते हैं।” अखिलेश ने कहा कि समाजवादी पार्टी PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) मॉडल के जरिए समाज में एकता लाना चाहती है और सभी वर्गों को न्याय देना चाहती है।

आज़म खान को साजिश के तहत फंसाने का आरोप

सपा प्रमुख ने वरिष्ठ नेता आजम खान का भी मुद्दा उठाया और कहा कि उन्हें राजनीतिक कारणों से फंसाया गया। उन्होंने एक यूनिवर्सिटी बनाई, जहां वे कुलपति थे। अब उन्हीं नियमों के तहत सीएम योगी आदित्यनाथ भी यूनिवर्सिटी की जमीन पर काम कर रहे हैं। लेकिन फर्क सिर्फ इतना है कि आज़म खान को सजा दी जा रही है और सीएम खुद उसी क़ानून में छूट पा रहे हैं।

व्यापार और संस्थानों की बिक्री पर टिप्पणी

अखिलेश यादव ने मौजूदा सरकार पर व्यापार और संस्थानों को सस्ते में निजी हाथों में बेचने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा आज उद्योग और व्यापार जगत में जैसे आपातकाल लगा हुआ है। बड़े-बड़े संस्थान कौड़ियों के भाव बेचे जा रहे हैं।

Also Read: चंद्रशेखर आजाद ने सरकार पर साधा निशाना, लखनऊ में बड़े आंदोलन की दी चेतावनी

Get real time updates directly on you device, subscribe now.