अगली बार कुछ लोगों का भूत ‘बूथ’ उतारेगा, सीएम योगी के बयान पर अखिलेश यादव का पलटवार
Sandesh Wahak Digital Desk: उत्तर प्रदेश में सियासी पारा लगातार चढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘लातों के भूत’ वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने तीखा पलटवार किया है। अखिलेश ने सीएम योगी के बयान पर तंज कसते हुए कहा है कि अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव में कुछ लोगों का ‘भूत’ ही ‘बूथ’ उतारेगा।
अखिलेश यादव ने शनिवार को अपने ‘एक्स’ (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर लिखा, अगली बार कुछ लोगों का भूत ‘बूथ’ उतारेगा। और कुछ नहीं कहना है। यह छोटा लेकिन धारदार बयान सीएम योगी के हालिया टिप्पणी के सीधे जवाब में देखा जा रहा है।
अगली बार कुछ लोगों का भूत ‘बूथ’ उतारेगा।
और कुछ नहीं कहना है।
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) July 19, 2025
क्या था सीएम योगी का बयान
दरअसल, यह पूरा मामला मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के वाराणसी में दिए गए एक बयान से शुरू हुआ। सीएम योगी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि जौनपुर में मोहर्रम के दौरान एक घटना हुई, जहाँ ताजिया को इतना ऊँचा कर दिया गया कि वह हाई टेंशन लाइन की चपेट में आ गया। इस हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जिसके बाद उपद्रव हुआ और सड़क जाम कर दी गई।
सीएम योगी ने आगे कहा, पुलिस ने उनसे पूछा तो उन्होंने कहा, ‘लाठी मारो इनको। ये लातों के भूत हैं बातों से नहीं मानेंगे।’ इसका किसी ने सोशल मीडिया पर विरोध नहीं किया, लेकिन कुछ लोगों के पेट में दर्द हो रहा है। मुख्यमंत्री का यह बयान विपक्षी दलों के निशाने पर आ गया है, और अखिलेश यादव का पलटवार उसी कड़ी में देखा जा रहा है।
Also Read: PhonePe, Google Pay, Paytm यूजर्स के लिए जरूरी खबर : 1 अगस्त से UPI में ये नए नियम होंगे लागू

