अमेरिका ट्रेड डील की शर्तों पर अखिलेश यादव ने उठाए सवाल, बीजेपी पर बोला तीखा हमला
Lucknow News: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारत-अमेरिका ट्रेड डील की शर्तों पर सवाल उठाते हुए इसे देश की 70 प्रतिशत आबादी, जो खेती पर निर्भर है, के खिलाफ एक बड़ी साजिश बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि आत्मनिर्भरता का नारा देने वाली भाजपा सरकार विदेशी कंपनियों के एजेंट की तरह काम कर रही है।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर बेहद कड़ा पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि भाजपा और उनके संगी-साथी आजादी के पहले भी विदेशियों के एजेंट थे और आज भी वही भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने सीधा सवाल पूछा कि स्वदेशी की बात करने वाली सरकार बताए कि देश की अर्थव्यवस्था के साथ इस धोखे के बदले कितना ‘कमीशन’ खाया गया है?
सपा अध्यक्ष ने चिंता जताई कि इस समझौते से न केवल किसान, बल्कि मध्यम और निम्न मध्यम वर्ग भी बुरी तरह पिसेगा। उनके मुताबिक, विदेशी उत्पादों के आने से बिचौलियों और मुनाफाखोरों का एक नया वर्ग पैदा होगा, जिससे खाने-पीने की चीजें और भी महंगी हो जाएंगी।
अखिलेश ने आरोप लगाया कि भाजपा इन विदेशी कंपनियों से चंदा वसूली करेगी, जिसका बोझ अंततः जनता की जेब पर ही पड़ेगा। उन्होंने एक बड़ा दावा करते हुए कहा कि इस नीति के कारण धीरे-धीरे भारतीय किसानों की आय कम हो जाएगी। आर्थिक तंगी के कारण किसान अपनी जमीनें अमीरों और बड़े कॉरपोरेट घरानों को बेचने पर मजबूर हो जाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की जमीनों पर कब्जा करना ही भाजपा और उनके सहयोगियों का अंतिम लक्ष्य है।
Also Read: देहरादून में ट्रक को साइड देने के चक्कर में खाई में गिरी बस, 3 यात्रियों की मौत, 30 से ज्यादा घायल

