राजनाथ सिंह के बयान पर अखिलेश यादव ने कसा तंज, बोले- लखनऊ एक्सप्रेस का इंजन फेल

Lucknow News: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानों के तीर चलने शुरू हो गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की हालिया प्रेस कॉन्फ्रेंस पर तीखा राजनीतिक कटाक्ष किया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक के बाद एक तीखे पोस्ट करते हुए सपा प्रमुख ने दावा किया है कि सत्ताधारी खेमे का लखनऊ एक्सप्रेस इंजन अब फेल हो चुका है, जिसके चलते दिल्ली में बैठे शीर्ष नेतृत्व ने लखनऊ की कमान किसी अन्य चेहरे को सौंपने का अंदरूनी फैसला कर लिया है।

अखिलेश यादव ने सत्ता पक्ष की इस प्रेस कॉन्फ्रेंस को पूरी तरह दिखावटी करार दिया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि यह सब सिर्फ राजनीतिक पाखंड है, जबकि पर्दे के पीछे का असली खेल लखनऊ के वर्तमान नेतृत्व को खटारा साबित कर उसे स्थायी रूप से रास्ते से हटाने का है। अपने इस सियासी वार के आखिर में उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में सवाल उठाया कि ऐसे हालात में अब लखनऊ की जनता की रक्षा कौन करेगा? हालांकि, उन्होंने अपने इस पोस्ट में किसी खास नेता का सीधा नाम लेने से परहेज किया, लेकिन उनके इशारों के सियासी मायने खूब निकाले जा रहे हैं।

अराजकता फैलाना है विपक्ष का मकसद: राजनाथ

दूसरी ओर, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर जोरदार हमला बोला था। उन्होंने दो टूक कहा कि विपक्ष का असली एजेंडा चुनावी सुधार करना कतई नहीं है, बल्कि देश में सुनियोजित तरीके से अराजकता फैलाकर सत्ता हथियाना है। राजनाथ सिंह ने राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर युवाओं को राजनीतिक टकराव का मोहरा बनाने का गंभीर आरोप लगाया।

Also Read: राहुल गांधी सत्ता हथियाने के लिए फैला रहे अराजकता, संवैधानिक संस्थाओं का न करें अपमान: राजनाथ

Get real time updates directly on you device, subscribe now.