अमेरिकी टैरिफ पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- सरकार की विदेश नीति फेल, देश चौतरफा घिरा
Sandesh Wahak Digital Desk: अमेरिका द्वारा भारत पर 50% टैरिफ लगाने की घोषणा के बाद देश की राजनीति में हलचल मच गई है। गुरुवार को समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने इस मुद्दे पर सरकार की आलोचना की। अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से नाकाम हो गई है और भारत चारों तरफ से संकट में घिरा हुआ है।
दिल्ली में मीडिया से बात करते हुए अखिलेश यादव ने कहा, कि सरकार विदेश नीति में पूरी तरह फेल हो गई है। किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया गया था, लेकिन वह भी पूरा नहीं हो सका। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा है। जिस तरह की पाबंदियां लग रही हैं, उससे हमारा देश और अर्थव्यवस्था संकट में है। किसान और नौजवान भी परेशान हैं। भारत चारों तरफ से घिर गया है।
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत अमेरिकी टैरिफ के दबाव में झुकने से इनकार कर रहा है, तो अखिलेश यादव ने कहा कि भारत को अमेरिका के साथ अपने संबंधों को मजबूत करना चाहिए। उन्होंने कहा, अमेरिका के साथ हमारे संबंध पुराने हैं, इन्हें और मजबूत करने पर काम होना चाहिए। कारोबारी और किसानों के हितों को ध्यान में रखकर सोचना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि यह दुख की बात है कि आज सरकार को ऐसी बातें कहनी पड़ रही हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के चीन दौरे पर भी अखिलेश यादव ने तंज कसा। उन्होंने कहा, अगर प्रधानमंत्री चीन जा रहे हैं, तो उन्हें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को भी साथ ले जाना चाहिए। क्योंकि वो नाम बदलने में माहिर हैं और हो सकता है कि चीन का भी नाम बदल दें।
इस दौरान, अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘ग फॉर गधा’ वाले बयान का भी जवाब दिया। सपा प्रमुख ने कहा, ‘ग फॉर गरीब’ भी तो हो सकता है, हम लोग गरीबों के बच्चों को पढ़ाते हैं। हमारे लिए ‘ग फॉर गरीब’ है, हो सकता है बीजेपी के लिए ‘ग फॉर गधा’ होता हो।”
Also Read: भारतीय नौसेना में ऑफिसर बनने का सुनहरा अवसर, निकली बंपर भर्ती

