बिजली कटौती पर अखिलेश यादव का तंज, बोले- भाजपा राज में सिर्फ मांग और दाम बढ़े, सप्लाई नहीं
Lucknow News: उत्तर प्रदेश इन दिनों रिकॉर्डतोड़ और भीषण गर्मी की चपेट में है। इस झुलसा देने वाली धूप के बीच प्रदेश की जनता एक और बड़े संकट से जूझ रही है, और वह है अघोषित बिजली कटौती। सूबे के कई जिलों में आए दिन हो रही भारी कटौती और ट्रिपिंग से त्रस्त लोग सड़कों पर उतरकर विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने योगी सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर सरकार की ऊर्जा नीति और बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने में नाकामी को लेकर जोरदार कटाक्ष किया।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए पोस्ट किया, बिजली के नए प्लांट लगाना तो आपके बस में था नहीं, न ही आपकी तंग सोच में था। कम से कम मुँह से आप ‘3×660 सुपरक्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट’ का नाम ही ले देते, इसे सुनने मात्र से ही इस भीषण गर्मी में तड़प रहे लोगों को थोड़ी ठंडक मिल जाती। सपा प्रमुख ने आगे आरोप लगाया कि भाजपा के कुशासन में उत्तर प्रदेश के भीतर बिजली की या तो सिर्फ माँग बढ़ रही है या फिर दाम बढ़ाए जा रहे हैं, लेकिन आपूर्ति (सप्लाई) जस की तस है। उन्होंने अंत में लिखा- भाजपा राज, उप्र ख़स्ताहाल!
समझिए क्षमता और मांग का पूरा गणित
सपा के राजनीतिक हमले के बीच उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने आंकड़ों के साथ स्पष्ट किया है कि आखिर प्रदेश में 24 घंटे बिजली क्यों नहीं मिल पा रही है। उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष और सेंट्रल एडवाइजरी कमेटी के सदस्य अवधेश कुमार वर्मा के मुताबिक, पावर कॉरपोरेशन द्वारा लागू की गई नई वर्टिकल व्यवस्था, अप्रत्याशित ब्रेकडाउन और ओवरलोडिंग के कारण सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। वर्तमान मांग के आगे हमारा पावर इंफ्रास्ट्रक्चर बेहद कमजोर साबित हो रहा है।
Also Read: Big Flop: वरुण धवन के करियर की 4 सबसे बड़ी फ्लॉप फिल्में, जिनसे मेकर्स को हुआ करोड़ों का नुकसान

